23 मार्च । हफ्ते की शुरुआत भारतीय शेयर शेयर के लिए कमजोर रही। मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के कारण निवेशकों का भरोसा डगमगा गया, जिससे बाजार में तेज गिरावट देखी गई।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 1,555 अंकों से अधिक गिरकर 72,977 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी करीब 480 अंक टूटकर 22,634 पर आ गया।
सेक्टर के लिहाज से मेटल, पीएसयू बैंक और ऑटो शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली देखने को मिली। टाटा स्टील, हिंडाल्को, एचडीएफसी बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील और बजाज फाइनेंस जैसे बड़े शेयर दबाव में रहे।
विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिका, इजराइल और ईरान के बीच जारी तनाव चौथे सप्ताह में पहुंच चुका है, जिससे वैश्विक अनिश्चितता बढ़ गई है। इसके साथ ही कच्चे तेल की कीमतें भी तेजी से बढ़कर ब्रेंट क्रूड लगभग 113 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है, जिससे महंगाई का दबाव बढ़ने की आशंका है।
हॉर्मुज जलडमरूमध्य में गतिविधियों को लेकर भी चिंता बढ़ी है, जो दुनिया के प्रमुख तेल मार्गों में से एक है।
विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली भी बाजार पर दबाव बना रही है। पिछली ट्रेडिंग में एफआईआई ने 5,500 करोड़ रुपये से अधिक की बिकवाली की। हालांकि घरेलू निवेशकों ने कुछ हद तक बाजार को सहारा दिया।
एशियाई बाजारों में भी भारी गिरावट देखने को मिली। जापान, हांगकांग और दक्षिण कोरिया के बाजारों में 3 से 6 प्रतिशत तक की गिरावट दर्ज की गई।