पाकिस्तान-ए ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बांग्लादेश-ए को हराकर राइजिंग स्टार्स एशिया कप 2026 के फाइनल में जगह बना ली है. इस जीत के साथ पाकिस्तान-ए ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. टीम अब पांचवीं बार इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है, जो किसी भी टीम के लिए सबसे ज्यादा है. मुकाबले में बांग्लादेश-ए ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 232 रन बनाए थे. जवाब में पाकिस्तान-ए ने 45.2 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 233 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया. अब खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान-ए का सामना श्रीलंका से 29 नवंबर को होगा
टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेश-ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही. टीम ने शुरुआती ओवरों में ही अपने अहम विकेट गंवा दिए. महमूदुल हसन जॉय 9 रन बनाकर अली रजा का शिकार बने, जबकि कप्तान सैफ हसन सिर्फ 2 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. इसके बाद अफीफ हुसैन 5 और शब्बीर रहमान बिना खाता खोले आउट हो गए.
लगातार गिरते विकेटों के बीच शहादत हुसैन दीपू ने एक छोर संभाले रखा. उन्होंने महिदुल इस्लाम अंकोन के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया. महिदुल ने 78 गेंदों में 42 रन बनाए. वहीं, दीपू ने 118 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौके और 3 छक्के की मदद से नाबाद 103 रन बनाए. एसएम मेहरोब ने 28 और रिपोन मोंडोल ने 12 गेंदों में नाबाद 19 रन का योगदान दिया. इस तरह बांग्लादेश-ए की टीम 232 रन तक पहुंचने में सफल रही.
पाकिस्तान-ए की ओर से गेंदबाजों ने किफायती प्रदर्शन किया. सुफियान मुकीम सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 10 ओवर में 29 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए. अली रजा ने 40 रन खर्च करके 2 बल्लेबाजों को आउट किया, जबकि हसन नवाज ने भी 2 विकेट हासिल किए.
अहमद दानियाल को एक सफलता मिली. हालांकि, बांग्लादेश-ए की ओर से दीपू की शतकीय पारी के कारण टीम सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचने में कामयाब रही.