छात्रों के लिए Google की AI समरी बंद, लॉस एंजिलिस के स्कूलों ने उठाया कदम

Posted on: 2026-11-27


hamabani image

अमेरिका में स्कूलों और गूगल के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के इस्तेमाल को लेकर विवाद बढ़ता जा रहा है। लॉस एंजिलिस के स्कूल प्रशासन ने छात्रों को जारी किए गए डिवाइस पर गूगल सर्च की AI आधारित समरी सुविधा बंद कर दी है। वहीं, कई अन्य स्कूल जिले भी गूगल की AI सुविधाओं को हटाने या उसके उत्पादों का इस्तेमाल बंद करने पर विचार कर रहे हैं।

लॉस एंजिलिस यूनिफाइड स्कूल डिस्ट्रिक्ट (LAUSD) ने गूगल सर्च में मिलने वाली AI Overview सुविधा को अस्थायी रूप से बंद किया है। यह सुविधा सर्च के दौरान सवालों के जवाब का सारांश तैयार करके दिखाती है। करीब पांच लाख छात्रों वाले इस स्कूल जिले का यह कदम इसलिए अहम है, क्योंकि अमेरिका के स्कूलों में गूगल के क्रोमबुक लैपटॉप और Google Docs तथा Google Classroom जैसे ऐप का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल होता है।

स्कूल प्रशासन ने कहा कि छात्रों के लिए डिजिटल अनुभव को उनकी उम्र के अनुरूप और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से AI Overview को अस्थायी रूप से बंद किया गया है। जिले ने यह भी कहा कि वह डिजिटल सुरक्षा से जुड़े उपायों और थर्ड पार्टी टूल की लगातार समीक्षा करता रहता है।

स्क्रीन टाइम सीमित करने और स्कूलों में तकनीक के इस्तेमाल पर निगरानी की मांग कर रहे संगठन स्कूल्स बियॉन्ड स्क्रीन्स एलए की प्रतिनिधि ब्रिडी ली के अनुसार, स्कूल प्रशासन ने यह बदलाव बिना किसी औपचारिक घोषणा के किया। संगठन के सदस्यों ने 13 नवंबर को स्कूल बोर्ड की AI समिति की बैठक में इस मुद्दे को उठाया था। इसके कुछ दिन बाद छात्रों के डिवाइस पर AI Overview दिखना बंद हो गया।

अमेरिका के न्यूयॉर्क और लॉस एंजिलिस के स्कूल जिलों ने सितंबर में छात्रों के लिए जनरेटिव AI के इस्तेमाल पर एक साल की रोक लगाने की घोषणा की थी। न्यूयॉर्क में यह प्रतिबंध प्राथमिक और मिडिल स्कूल के छात्रों पर लागू है, जबकि लॉस एंजिलिस में सभी कक्षाओं के छात्रों को स्कूल के डिवाइस पर AI इस्तेमाल करने से रोका गया है।

गूगल ने अगस्त में अपने लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम Google Classroom का इस्तेमाल करने वाले कई स्कूली छात्रों के लिए Gemini चैटबॉट की सुविधा शुरू की थी। इसके बाद स्कूलों में AI के इस्तेमाल को लेकर चिंताएं बढ़ीं। नवंबर की शुरुआत में कंपनी ने कहा कि वह आने वाले महीनों में K-12 स्कूलों के लिए Gemini और सर्च के सभी टूल डिफॉल्ट रूप से बंद रखेगी। स्कूल प्रशासन जरूरत के अनुसार इन्हें चालू कर सकेगा।

हालांकि, गूगल ने यह विकल्प नहीं दिया है कि स्कूल AI सुविधाओं को बंद रखते हुए सामान्य सर्च का इस्तेमाल जारी रख सकें। कंपनी का कहना है कि सर्च और AI अब आपस में गहराई से जुड़े हुए हैं। गूगल के शिक्षा विभाग के उपाध्यक्ष क्रिस फिलिप्स ने एक मीडिया रिपोर्ट में कहा था कि यदि स्कूल AI पर रोक लगाते हैं, तो छात्रों की सर्च तक पहुंच भी बंद हो सकती है।

गूगल के इस रुख से स्कूलों के सामने मुश्किल खड़ी हो गई है। उन्हें छात्रों की AI तक पहुंच सीमित करने और लोकप्रिय सर्च इंजन का इस्तेमाल जारी रखने के बीच चुनाव करना पड़ रहा है। वर्जीनिया के फेयरफैक्स काउंटी पब्लिक स्कूल्स सहित कुछ अन्य जिलों ने गूगल सर्च में AI समरी हटाने के लिए प्लग-इन भी विकसित किए हैं।

इस बीच, गूगल के सैकड़ों कर्मचारियों ने कंपनी के नेतृत्व को पत्र लिखकर स्कूलों को सामान्य सर्च सेवा प्रभावित किए बिना AI सुविधाएं बंद करने का विकल्प देने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि कई स्कूल, शिक्षक और अभिभावक कक्षा में AI के इस्तेमाल को लेकर चिंतित हैं और कंपनी को उनकी चिंताओं का सम्मान करना चाहिए।

गूगल का कहना है कि वह छात्रों के AI के जरिए पढ़ाई को आसान बनाने के बजाय सीखने की प्रक्रिया को मजबूत करने से जुड़ी चिंताओं को समझता है। कंपनी ने इसके लिए ‘गाइडेड लर्निंग’ नाम का एक नया टूल पेश करने की योजना बनाई है। यह छात्रों को सीधे जवाब देने के बजाय जटिल सवालों को चरणबद्ध तरीके से हल करने में मदद करेगा। हालांकि, यह सुविधा अभी उपलब्ध नहीं है।

लॉस एंजिलिस स्कूल जिले के मुख्य सूचना अधिकारी जैक केलानिक ने कहा कि स्कूल प्रशासन गूगल के उत्पादों का इस्तेमाल जारी रखने के लिए बाध्य नहीं है। यदि कंपनी के बदलाव स्कूलों की प्राथमिकताओं के अनुरूप नहीं होते हैं, तो वे अपना डिफॉल्ट सर्च इंजन भी बदल सकते हैं।