एनआईटी रायपुर और जिला प्रशासन की अभिनव पहल, हैंडलूम एवं टेक्सटाइल क्षेत्र में कौशल, तकनीक, ब्रांडिंग और विपणन का मिलेगा प्रशिक्षण

Posted on: 2026-11-26


hamabani image

पारंपरिक बुनकरी कला और स्थानीय हस्तनिर्मित उत्पादों को अब आधुनिक तकनीक, उद्यमिता और वैश्विक बाजार से जोड़ने की दिशा में एक अभिनव पहल की गई है। महिलाओं को केवल कौशल प्रशिक्षण तक सीमित न रखकर उन्हें सफल उद्यमी और रोजगार सृजक बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर की संयुक्त पहल पर भोपालराव पवार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज, रूद्री में ‘स्त्री स्किल सेंटर’ का शुभारंभ किया गया। यह केंद्र महिलाओं को हैंडलूम एवं टेक्सटाइल क्षेत्र में प्रशिक्षण देने के साथ उत्पाद निर्माण, गुणवत्ता संवर्धन, व्यवसाय प्रबंधन, ब्रांडिंग, मार्केटिंग और बाजार से जुड़ने का व्यावहारिक मार्गदर्शन प्रदान करेगा। इस पहल के माध्यम से 200 महिलाओं को ‘करोड़पति दीदी’ बनाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है।

कार्यक्रम का शुभारंभ महापौर रामू रोहरा एवं जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में किया। इस अवसर पर आईआईएम रायपुर के निदेशक डॉ. संजीव पाराशर, एनआईटी रायपुर के निदेशक श्री वे रमन्ना राव सहित शिक्षाविद्, प्राध्यापक, उद्यमी एवं अन्य अतिथि उपस्थित रहे।

महापौर रामू रोहरा ने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कौशल और उद्यमिता से जोड़ना समय की आवश्यकता है। महिलाएं आगे बढ़ेंगी तो परिवार, समाज और देश की प्रगति को नई गति मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत एवं विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह केंद्र जिले की महिलाओं के लिए आर्थिक आत्मनिर्भरता का नया माध्यम बनेगा।

जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा ने कहा कि वर्तमान समय मातृशक्ति के सशक्तीकरण का है। महिलाओं और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। जरूरतमंद लोगों को रोजगार के अवसरों से जोड़ना तथा उन्हें आत्मनिर्भर बनाना प्रशासन और समाज की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से महिलाओं को अपनी प्रतिभा और हुनर को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा तथा वे आर्थिक रूप से सक्षम बनकर परिवार और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकेंगी।