रायपुर प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के साथ स्थानीय समुदाय के लिए रोजगार और आजीविका के स्थायी अवसर सृजित करने की दिशा में गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के मरवाही वनमंडल द्वारा महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में आज मरवाही वनमंडल अंतर्गत गौरेला वन परिक्षेत्र के वन चेतना केंद्र धरमपानी में इको रिजॉर्ट एवं भोजनालय के सुचारू, प्रभावी और सतत संचालन के लिए संचालन समिति के सदस्यों का विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
वनमंडलाधिकारी कुमार निशांत के निर्देशन में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में इंदिरा गांधी राष्ट्रीय जनजातीय विश्वविद्यालय अमरकंटक के पर्यटन प्रबंधन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार एवं दो सहायक प्राध्यापकों ने समिति के सदस्यों को पर्यटन प्रबंधन और आतिथ्य सत्कार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
प्रशिक्षण के दौरान पर्यावरण पर्यटन के माध्यम से स्थानीय समुदाय के लिए आय एवं रोजगार के अवसर सृजित करने, पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा रिजॉर्ट के व्यवस्थित संचालन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने समिति के सदस्यों को साफ-सफाई, लेखा प्रबंधन, आतिथ्य सत्कार, पर्यटकों के साथ व्यवहार एवं संवाद कौशल के संबंध में प्रशिक्षण दिया। इसके साथ ही सदस्यों की कार्यक्षमता और प्रबंधन कौशल को विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया।