दही खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद होता है। इसमें मौजूद प्रोटीन, कैल्शियम और प्रोबायोटिक्स जैसे पोषक तत्व सेहत से जुड़ी कई परेशानियों को कंट्रोल करने में कारगर हैं। कैलिफोर्निया स्थित बोर्ड-प्रमाणित गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी, बता रहे हैं कि हैं दही खाने से शरीर में कौन-कौन से बदलाव हो सकते हैं जिनसे ज्यादातर लोग अनजान हैं।
रोजाना दही खाने से मिल सकते हैं ये फायदे
गट के लिए फायदेमंद: दही में अरबों फायदेमंद बैक्टीरिया होते हैं, जो गट माइक्रोबायोम को स्वस्थ रखने, पाचन में सुधार करने और गट बैक्टीरिया के बीच एक बेहतर संतुलन बनाए रखने में मदद करते हैं।
दूध की तुलना में पचाने में आसान: दूध की तुलना में दही तेजी से पचता है। दरअसल, फर्मेंटेशन की प्रक्रिया लैक्टोज को तोड़ देती है और दही में मौजूद लाइव कल्चर इसे और भी आसानी से पचाने में मदद करते हैं। यही कारण है कि जिन लोगों को लैक्टोज इनटॉलरेंस की समस्या होती है, वे दूध की बजाय दही को अपनी डाइट में शामिल करें।
कैल्शियम और विटामिन B12 से भरपूर: एक कप सादे दही से रोज़ाना की कैल्शियम ज़रूरत का लगभग 20–25% हिस्सा मिल जाता है। इसके साथ ही इसमें फास्फोरस और विटामिन B12 भी होता है, जो हड्डियों, दांतों और शरीर की ऊर्जा मेटाबॉलिज्म को बेहतर बनाने में मदद करता है। दही में सभी नौ ज़रूरी अमीनो एसिड होते हैं, जो पेट को भरा रखने और मांसपेशियों की मरम्मत में मदद करते हैं।
इम्यून हेल्थ को सपोर्ट करता है: आपकी इम्यूनिटी में आपके गट की अहम भूमिका होती है। इसमें मौजूद कुछ प्रोबायोटिक स्ट्रेन, इम्यून रिस्पॉन्स को बेहतर बनाने और गट बैरियर के काम को सपोर्ट करने में मदद कर सकते हैं।
इस तरह से करें दही का इस्तेमाल
अपनी डाइट में शामिल करने के लिए फ्लेवर्ड वाली दही की बजाय सादे दही का चुनाव करें। फ्लेवर्ड दही में अक्सर बहुत ज़्यादा चीनी मिलाई जाती है। दही के ऊपर दिखने वाली पानी जैसी परत को 'व्हे' कहते हैं। इसमें कुछ प्रोटीन और मिनरल्स होते हैं इसलिए इसे फेंकने की बजाय दही में वापस मिला लें। दही में बेरी, चिया सीड्स या ओट्स डालें। इनमें फाइबर होता है, जो गट के फायदेमंद बैक्टीरिया को पोषण देता है। अगर आपको डेयरी प्रोटीन से एलर्जी है, तो प्लांट-बेस्ड दही का विकल्प चुनें।