देश के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल रहा है. कहीं बारिश और बादलों की वजह से तापमान सामान्य से नीचे पहुंच गया है, तो कहीं ठंड का असर बढ़ने लगा है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, सोमवार 23 नवंबर को पूर्वी उत्तर प्रदेश, झारखंड और पूर्वोत्तर भारत के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. वहीं दक्षिण भारत में तमिलनाडु और पुडुचेरी में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 23 नवंबर तक कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. झारखंड और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है. बिहार में बारिश की गतिविधियां कमजोर पड़ रही हैं, लेकिन सुबह के समय कुछ इलाकों में घना कोहरा परेशानी बढ़ा सकता है.
बारिश और बादलों की आवाजाही के बीच पूर्वी भारत के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया है. इससे सुबह और रात के समय ठंड का एहसास बढ़ सकता है.
दक्षिण भारत में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 23 नवंबर को कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बिजली गिरने की आशंका भी है.