मुंबई, 18 नवंबर । लोकप्रिय वेब सीरीज 'पंचायत' अपने पांचवें सीजन के साथ वापसी करने जा रही है। प्राइम वीडियो ने नए सीजन की रिलीज तारीख घोषित कर दी है। इस बार फुलेरा में सत्ता का समीकरण बदलने वाला है और गांव की राजनीति में नए विवादों के साथ दर्शकों को हंसी, भावनाओं और मनोरंजन का नया दौर देखने को मिलेगा।
द वायरल फीवर (टीवीएफ) के निर्माण में बनी इस सीरीज का निर्देशन दीपक कुमार मिश्रा ने किया है। कहानी की रचना दीपक कुमार मिश्रा, चंदन कुमार और अरुणाभ कुमार ने की है। नए सीजन में जितेंद्र कुमार एक बार फिर सचिव जी के किरदार में नजर आएंगे। उनके साथ रघुबीर यादव, नीना गुप्ता, सुनीता राजवर, फैसल मलिक, चंदन रॉय, संविका, दुर्गेश कुमार और अशोक पाठक भी अपने पुराने किरदारों में लौटेंगे। इस बार फुलेरा को नया मुखिया मिल गया है और बनराकस प्रधानपति की भूमिका में अपनी योजनाओं के साथ सत्ता संभालता दिखाई देगा। अब देखना होगा कि उसके फैसले गांव की तस्वीर बदल पाते हैं या नहीं।
प्राइम वीडियो इंडिया के मनीष मेंघानी ने कहा कि पिछले चार सीजन में फुलेरा और उसके किरदार दर्शकों के जीवन का हिस्सा बन गए हैं। पांचवें सीजन के जरिए इस लोकप्रिय कहानी को आगे बढ़ाना उनके लिए गर्व की बात है। टीवीएफ के प्रेसिडेंट विजय कोशी ने कहा कि ‘पंचायत’ की सफलता का आधार इसके सहज किरदार, रिश्ते और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े पल हैं। उन्होंने नए सीजन में आने वाली चुनौतियों, बदलते रिश्तों और अप्रत्याशित मोड़ों को लेकर उत्साह जताया।