अमेरिका से लेकर ब्रिटेन तक 'जनजातीय गौरव दिवस' की धूम

Posted on: 2026-11-17


hamabani image

रायपुर   छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और महान स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान की गूंज इस वर्ष सात समंदर पार अमेरिका, कनाडा और ब्रिटेन तक सुनाई दी। बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आयोजित जनजातीय गौरव दिवस 2026 में नॉर्थ अमेरिका छत्तीसगढ़ एसोसिएशन (नाचा) (North America Chhattisgarh Association (NACHA) ने भारतीय दूतावासों, वाणिज्य दूतावासों, उच्चायोग और विभिन्न भारतीय सामुदायिक संगठनों के साथ मिलकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार ने वर्ष 2021 में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती (15 नवंबर) को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया था। इस पहल का उद्देश्य भारत के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान को सम्मान देना और नई पीढ़ी को उनकी गौरवशाली विरासत से परिचित कराना है. इस वर्ष 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़े के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाचा के पदाधिकारियों और छत्तीसगढ़ी प्रवासी समुदाय ने विभिन्न देशों में भारतीय राजनयिक मिशनों के साथ मिलकर जनजातीय गौरव दिवस के आयोजनों में सक्रिय भागीदारी निभाई।

शिकागो में भारत के महावाणिज्य दूत आनंद प्रकाश ने नाचा की वैश्विक अध्यक्ष दीपाली सरावगी को हाल ही में छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा प्रदान किए गए प्रतिष्ठित ‘छत्तीसगढ़ अप्रवासी सम्मान 2026’ के लिए बधाई दी और जनजातीय गौरव दिवस समारोह के मंच पर उनका अभिनंदन एवं सम्मान किया। दीपाली सरावगी इस सम्मान को प्राप्त करने वाली पहली महिला हैं. छत्तीसगढ़ की संस्कृति, प्रवासी भारतीय समुदाय को एकजुट करने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश की पहचान को मजबूत करने की दिशा में उनके योगदान को देखते हुए यह सम्मान विशेष महत्व रखता है।इस अवसर पर दीपाली सरावगी ने भगवान बिरसा मुंडा के साहस, बलिदान और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश साझा किया और छत्तीसगढ़ के महान स्वतंत्रता सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित की