इतिहास के पन्नों में 18 नवंबर : हरियाणा की बेटी मानुषी छिल्लर ने जीता मिस वर्ल्ड का खिताब

Posted on: 2026-11-17


hamabani image

18 नवंबर का दिन सौंदर्य प्रतियोगिताओं के इतिहास में खास महत्व रखता है। वर्ष 2017 में इसी दिन हरियाणा की मानुषी छिल्लर ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीतकर देश का गौरव बढ़ाया था। उन्होंने ऐश्वर्या राय और प्रियंका चोपड़ा जैसी भारतीय सुंदरियों की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाते हुए 17 साल बाद यह ताज भारत के नाम किया।

हरियाणा के सोनीपत में जन्मी मानुषी ने चीन के सान्या शहर में आयोजित मिस वर्ल्ड प्रतियोगिता में दुनिया भर की प्रतिभागियों को पीछे छोड़कर यह उपलब्धि हासिल की थी। उनसे पहले वर्ष 2000 में प्रियंका चोपड़ा ने मिस वर्ल्ड का खिताब जीता था, जबकि ऐश्वर्या राय ने 1994 में यह ताज अपने नाम किया था।

प्रतियोगिता के दौरान निर्णायकों के एक सवाल के जवाब ने मानुषी को खास पहचान दिलाई। उनसे पूछा गया था कि किस पेशे को सबसे अधिक वेतन मिलना चाहिए और क्यों? मानुषी ने जवाब दिया कि मां को सबसे अधिक सम्मान और वेतन मिलना चाहिए, क्योंकि मातृत्व दुनिया का सबसे अधिक जिम्मेदारी वाला काम है। उन्होंने कहा कि मां केवल बच्चे का पालन-पोषण ही नहीं करती, बल्कि अपने परिवार के लिए भी बहुत कुछ त्याग करती है।

उनके इस जवाब ने निर्णायकों को प्रभावित किया और वह मिस वर्ल्ड 2017 चुनी गईं। मानुषी की जीत के साथ भारत ने छह बार मिस वर्ल्ड का खिताब जीतने का गौरव हासिल किया।