रायपुर, 14 नवंबर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी दुग्ध महासंघ मर्यादित ने देवभोग दूध के दामों में 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी है।
अमूल और मदर डेयरी द्वारा दाम बढ़ाए जाने के बाद देवभोग ने भी अपनी दरों में इजाफा किया है। पिछले छह महीनों के भीतर देवभोग दूध के दाम दूसरी बार बढ़ाए गए हैं।
नई कीमत लागू होने के बाद अब एक लीटर दूध का पैकेट 59 रुपए के स्थान पर 61 रुपये में मिलेगा। वहीं, आधा लीटर (500 ml) दूध के पैकेट के लिए उपभोक्ताओं को 31 रुपये चुकाने होंगे।इस तरह प्रति लीटर दूध का दाम दो रुपये बढ़ा है। इसका सीधा असर प्रदेश के उन परिवारों के मासिक बजट पर पड़ेगा जो रोजाना घरेलू जरूरतों के लिए देवभोग दूध का उपयोग करते हैं।
हालांकि महासंघ की ओर से कीमत बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक कारण स्पष्ट नहीं किया गया है, लेकिन डेयरी क्षेत्र में पशु आहार, चारा, पैकेजिंग और परिवहन लागत में हुई वृद्धि को इसकी मुख्य वजह माना जा रहा है।
देवभोग डेयरी व्यवस्था का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देना और स्थानीय पशुपालकों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना है. इसके लिए गांवों में संचालित दुग्ध सहकारी के माध्यम से किसानों से सीधे दूध इकट्ठा किया जाता है.