सोने और चांदी की खासियत है कि ये सालों शांत रहकर अचानक बाजार पर छा जाते हैं. लंबी सुस्ती के बाद जनवरी 2026 में दोनों सोना-चांदी ने अपना नया ऑल-टाइम हाई बनाया, लेकिन अब मजबूत अमेरिकी डॉलर और फेडरल रिजर्व की पॉलिसी की वजह से इनकी कीमतों में भारी गिरावट आ चुकी है. सोने में तेजी का सफर अक्टूबर 2022 और चांदी में फरवरी 2024 से शुरू हुआ था. 29 जनवरी 2026 को भारतीय बाजार (MCX) में सोना 1,76,306 रुपये (प्रति 10 ग्राम) और चांदी 3,84,632 रुपये (प्रति किलो) के ऐतिहासिक शिखर पर पहुंच गए थे. अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी इन्होंने रिकॉर्ड तोड़े.
आज दोनों धातुएं अपने पीक से काफी नीचे कारोबार कर रही हैं. चांदी ने अपनी आधी से ज्यादा वैल्यू (53%) गंवा दी है, जबकि सोने में गिरावट (22%) अपेक्षाकृत कम रही है. अगर लंबी अवधि के निवेश के लिए किसी एक को चुनना हो, तो सोना ज्यादा सुरक्षित और बेहतर विकल्प नजर आता है. ऐतिहासिक रूप से चांदी, सोने की तुलना में बाजार के कारकों (वोलैटिलिटी) पर ज्यादा तेजी से प्रतिक्रिया देती है, जिससे इसमें जोखिम अधिक रहता है
सोने की कीमत अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 4,000 डॉलर के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे फिसल गई है. HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटीज के सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के अनुसार, गुरुवार को 52 हफ्ते के निचले स्तर को छूने के बाद सोना 3,900 डॉलर प्रति औंस के आसपास मंडरा रहा है. उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इस टिप्पणी के बाद कि अमेरिका को तेहरान के साथ शांति समझौते की जरूरत नहीं है, बाजार में तत्काल कूटनीतिक सफलता की उम्मीदें टूट गईं और बिकवाली तेज हो गई.