भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला रविवार, 15 नवंबर को माउंट माउंगानुई के बे ओवल में खेला जाएगा. चौथे वनडे में 244 रन की शर्मनाक हार के बाद की नजरें वापसी पर होंगी. हालांकि, इस मुकाबले से पहले प्लेइंग-11 में कुछ बदलाव देखने को मिल सकते हैं. अनुभवी तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को आखिरकार मौका मिल सकता है, जबकि कुलदीप यादव की छुट्टी हो सकती है. वहीं, बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए तिलक वर्मा के नाम पर भी विचार किया जा सकता है.
इस दौरे पर पहली बार चौथे वनडे में खेलने उतरे कुलदीप यादव कुछ खास कमाल नहीं कर सके. उन्होंने 8 ओवर में 73 रन खर्च किए, लेकिन एक भी विकेट हासिल नहीं कर पाए. तेज गेंदबाजों के दबदबे वाले मुकाबले में उनका प्रदर्शन निराशाजनक रहा. ऐसे में टीम मैनेजमेंट पांचवें वनडे के लिए उन्हें बाहर बैठाने का फैसला कर सकता है
दूसरी ओर, मोहम्मद सिराज अब तक सीरीज के चारों मुकाबलों में बेंच पर बैठे हैं. भारतीय वनडे टीम के सबसे अनुभवी तेज गेंदबाजों में शामिल सिराज को लगातार प्लेइंग-11 से बाहर रखने पर सवाल भी उठे हैं. अब सीरीज के आखिरी मुकाबले में उन्हें मौका मिल सकता है. अगर टीम मैनेजमेंट कुलदीप को बरकरार रखता है, तो सिराज को गुरनूर बराड़ की जगह शामिल किया जा सकता है. गुरनूर टेस्ट टीम से जुड़ने के लिए वेलिंगटन पहुंच चुके हैं और पांचवें वनडे के लिए उपलब्ध नहीं होंगे. उन्होंने सीरीज के तीन पारियों में 9 विकेट लेकर शानदार प्रदर्शन किया है.
चौथे वनडे में रोहित शर्मा के साथ ऋतुराज गायकवाड़ ने पारी की शुरुआत की थी. पांचवें मुकाबले में भी ऋतुराज के ओपनिंग करने की संभावना है. भारत के पास ईशान किशन को ओपनिंग में उतारने और ऋतुराज को पांचवें नंबर पर भेजने का विकल्प है, लेकिन एक मैच के बाद इस तरह का बदलाव होने की संभावना कम है.
वहीं, बल्लेबाजी को मजबूती देने के लिए तिलक वर्मा को भी प्लेइंग-11 में शामिल किया जा सकता है. वह हाल के मुकाबलों में अच्छी फॉर्म में रहे हैं.