ओटीटी पर दस्तक देने को तैयार 'जेलर 2', प्राइम वीडियो पर 12 नवंबर से होगी स्ट्रीम

Posted on: 2026-11-05


hamabani image

मुंबई, 05 नवंबर   सुपरस्टार रजनीकांत की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'जेलर-2' अब ओटीटी पर रिलीज होने के लिए तैयार है। प्राइम वीडियो ने गुरुवार को फिल्म के वैश्विक स्ट्रीमिंग प्रीमियर की घोषणा की। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी इस एक्शन क्राइम ड्रामा का निर्माण सन पिक्चर्स के बैनर तले कलानिधि मारन ने किया है। फिल्म 12 नवंबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी। इसमें रजनीकांत एक बार फिर रिटायर्ड जेलर टाइगर मुथुवेल पांडियन के किरदार में नजर आएंगे।

फिल्म में मोहनलाल, ऋतिक रोशन और विजय सेतुपति विशेष भूमिकाओं में दिखाई देंगे। वहीं, एस. जे. सूर्या, शिवराजकुमार, सूरज वेंजारामूडु, मिथुन चक्रवर्ती, विद्या बालन, राम्या कृष्णन, नमो नारायण और योगी बाबू भी अहम किरदार निभा रहे हैं। कहानी में मुथुवेल पांडियन को एक बार फिर रिटायरमेंट छोड़कर मैदान में उतरना पड़ता है, जब एक ताकतवर आपराधिक गिरोह उसके परिवार और करीबियों के लिए खतरा बन जाता है। पुराने दुश्मनों और नए गठबंधनों के बीच वह अपने परिवार की रक्षा के लिए अपराधियों का सामना करता है।

निर्देशक नेल्सन दिलीपकुमार ने कहा कि पहली फिल्म में मुथुवेल पांडियन के किरदार को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला था। इसी जुड़ाव को आगे बढ़ाते हुए दूसरी फिल्म में कहानी, एक्शन और भावनात्मक पहलुओं को बड़े स्तर पर पेश करने की कोशिश की गई है। उन्होंने रजनीकांत और पूरी कलाकारों की टीम के साथ काम करने को खास अनुभव बताया। फिल्म का संगीत अनिरुद्ध ने तैयार किया है। 'जेलर-2' तमिल, तेलुगु, हिंदी, मलयालम और कन्नड़ भाषाओं में स्ट्रीम होगी। पहली फिल्म 'जेलर' भी प्राइम वीडियो पर उपलब्ध रहेगी।