विवेकानंद नगर में मनाया गया संभवनाथ भगवान का कैवल्यज्ञान कल्याणक

Posted on: 2026-10-31


hamabani image

रायपुर   विवेकानंद नगर स्थित ज्ञानवल्लभ उपाश्रय में जारी सर्वमंगलमय वर्षावास में धर्म, ज्ञान और भक्ति की अविरल धारा प्रवाहित हो रही है। मुनि संवेगरत्न सागर के मुखारविंद से प्रवचनों का लाभ लेकर श्रावक धर्म आराधना के साथ आत्मकल्याण के मार्ग पर आगे बढ़ रहे हैं। शुक्रवार को धर्मसभा में मुनिश्री ने श्रीपाल महाराज और मैना सुंदरी के प्रसंग के माध्यम से आत्मकल्याण के लिए धर्म और सद्कर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दिया।

चातुर्मास समिति के अध्यक्ष जसराज लुनिया एवं महासचिव सुरेश बरड़िया ने बताया कि 30 अक्टूबर को भगवान संभवनाथ का कैवल्यज्ञान कल्याणक महोत्सव भक्ति भाव से मनाया गया। मुनिश्री संवेगरत्न सागरजी म.सा. आदि ठाणा की निश्रा में भगवान की स्तुति एवं आराधना की गई। मंदिर में पूजन श्रावकों ने धर्मलाभ लिया। धर्मसभा में मुनिश्री ने श्रावकों को 'ॐ ह्रीं श्री संभवनाथ सर्वज्ञाय नमः' मंत्र की पांच माला फेरने का नियम दिया। इस पर श्रावकों ने शुक्रवार को नियम से 5 माला फेरी।

उन्होंने बताया कि भगवान महावीर स्वामी की अंतिम 16 प्रहर की देशना पर विशेष व्याख्यानमाला 1 से 10 नवंबर तक होगी। मुनिश्री के मुखारविंद से श्रावकों को भगवान महावीर की देशना का श्रवण करने का लाभ मिलेगा। वर्षावास के तहत तप क्रम भी निरंतर जारी है। प्रतिदिन की प्रवचनमाला के साथ विभिन्न धार्मिक आयोजन जारी हैं।