नई दिल्ली, 31 अक्टूबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार को हरियाणा के रोहतक में विपक्ष के कथित झूठ, दुष्प्रचार और अराजकता के खिलाफ पार्टी के राष्ट्रव्यापी अभियान ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ के तहत विशाल पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे। इस पदयात्रा में पार्टी के वरिष्ठ नेता, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के शामिल होने की संभावना है।
भाजपा की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, पदयात्रा सुबह 11 बजे रोहतक के छोटूराम पॉलिटेक्निक मैदान से शुरू होगी और मॉडल टाउन स्थित डी-पार्क तक पहुंचेगी। पदयात्रा के समापन पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष डी-पार्क में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे।
पार्टी के मुताबिक यह अभियान केवल राजनीतिक आयोजन नहीं बल्कि विपक्ष के कथित झूठ और भ्रामक नैरेटिव के खिलाफ जनजागरण का प्रयास है। पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को विपक्ष के आरोपों के संबंध में पार्टी का पक्ष बता रहे हैं। रोहतक में होने वाली पदयात्रा को भी इसी अभियान की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।
पार्टी का कहना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता के बीच सही तथ्यों को पहुंचाना और भ्रामक प्रचार का जवाब देना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से देशभर में अभियान चलाया जा रहा है। रोहतक की पदयात्रा के माध्यम से भाजपा हरियाणा में भी इस संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने का प्रयास करेगी।