कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान पर्यटकों के लिए समय से पहले खुला

Posted on: 2026-10-27


hamabani image

जगदलपुर, 27 अक्टूबर। बस्तर के प्रसिद्ध कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में इस वर्ष पर्यटकों के लिए सफारी सत्र निर्धारित समय से पहले गुफाएं एवं अन्य पर्यटन स्थल आज मंगलवार से आगामी 15 जून 2027 तक आम पर्यटकों के लिए खुले रहेंगे। साथ ही कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान में स्थित तीरथगढ़ जलप्रपात पर्यटकों के अवलोकन हेतु नियमित तौर पर खुला रहेगा। उक्त जानकारी देते हुए निदेशक कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान जगदलपुर ने बताया कि, गुफा में प्रवेश करने हेतु निर्धारित समय सुबह 08 बजे से दोपहर 03 बजे तक रहेगा।

वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देशानुसार पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। नए सत्र की शुरुआत के साथ ही पर्यटक राष्ट्रीय उद्यान की प्राकृतिक सुंदरता, समृद्ध जैव विविधता और विभिन्न साहसिक पर्यटन गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे। मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) उत्तम गुप्ता ने आज मंगलवार को सत्र का पहला टिकट जारी कर जिप्सी सफारी का शुभारंभ किया। मानसून के बाद शुरू हुए इस सत्र में पर्यटक कोटमसर गुफा, कांगेर धारा और प्रसिद्ध तीरथगढ़ जलप्रपात का भ्रमण कर सकेंगे। इसके साथ ही मांझीपाल में बम्बू राफ्टिंग और कयाकिंग जैसी साहसिक गतिविधियों का भी आनंद ले सकेंगे। सफारी सत्र के समय से पहले शुरू होने से पर्यटकों को बस्तर की प्राकृतिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने का अतिरिक्त अवसर मिलेगा। इससे क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों और स्थानीय आजीविका को भी प्रोत्साहन मिलेगा।