रायपुर, 08 अक्टूबर 2026 सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत एमसीबी जिले के जनपद पंचायत भरतपुर में आयोजित सेवा सेतु जिला स्तरीय शिविर में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी सहज और सरल तरीके से उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग किया गया। शिविर में विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत कराए जा सकने वाले 375 प्रकार के कार्यों की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए विशेष रूप से क्यूआर कोड लगाया गया।
शिविर में पहुंचे ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड को स्कैन कर विभिन्न कार्यों एवं उससे संबंधित प्रावधानों की जानकारी प्राप्त की। क्यूआर कोड के माध्यम से जानकारी प्राप्त करने की यह सुविधा ग्रामीणों के लिए काफी सहज और उपयोगी रही। लोगों ने उत्साहपूर्वक क्यूआर कोड स्कैन कर अपने क्षेत्र में कराए जा सकने वाले कार्यों की जानकारी ली।
डिजिटल तकनीक के इस अभिनव प्रयोग से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं रही। मोबाइल के माध्यम से कुछ ही क्षणों में आवश्यक जानकारी उपलब्ध होने से ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला।
सेवा सेतु शिविर में इस पहल के माध्यम से शासन की योजनाओं को सरल, सुगम एवं पारदर्शी तरीके से आमजन तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास किया गया। ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने क्यूआर कोड आधारित इस सुविधा की सराहना करते हुए इसे उपयोगी एवं सुविधाजनक बताया।