महिला प्रीमियर लीग: मुंबई इंडियंस ने ल्यूक विलियम्स को बनाया मुख्य कोच

Posted on: 2026-09-24


hamabani image

मुबंई, 24 सितंबर। मुंबई इंडियंस ने आगामी महिला प्रीमियर लीग के 2027 सत्र से पहले ल्यूक विलियम्स को टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया है। इसके साथ ही पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर लिसा काइटली की मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच के रूप में जिम्मेदारी समाप्त हो गई है।

मुंबई इंडियंस ने एक बयान में कहा कि लिसा काइटली के स्थान पर ल्यूक विलियम्स को नियुक्त किया गया है। टीम की सह-मालिक नीता एम. अंबानी ने विलियम्स का स्वागत करते हुए कहा कि उनके पास महिला क्रिकेट की गहरी समझ, समृद्ध अनुभव और खिलाड़ियों के विकास के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता है।

उन्होंने कहा कि टीम ने महिला प्रीमियर लीग में एक मजबूत विरासत बनाई है और उन्हें उम्मीद है कि विलियम्स के मार्गदर्शन तथा हरमनप्रीत कौर के नेतृत्व में टीम आगे भी विकास और सफलता हासिल करेगी।

नीता अंबानी ने लिसा काइटली के योगदान के लिए उनका आभार भी जताया और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। नवनियुक्त मुख्य कोच ल्यूक विलियम्स ने कहा कि वह मुंबई इंडियंस से जुड़कर उत्साहित हैं। उन्होंने टीम के खिलाड़ियों और सहयोगी स्टाफ के साथ काम करने को लेकर खुशी जताते हुए कहा कि टीम के पास मिलकर कुछ खास तैयार करने, रोमांचक क्रिकेट खेलने और सफलता के लिए प्रतिस्पर्धा करने का शानदार अवसर है।

विलियम्स को ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत में करीब दो दशक तक कोचिंग का अनुभव है। वह 2025 से इंग्लैंड की महिला टीम के सहायक कोच की भूमिका भी निभा रहे हैं। उन्हें 2005-06, 2007-08 और 2009-10 सत्र में ग्रेड क्रिकेट के लिए तीन बार ब्रैडमैन मेडल भी मिला था।

मुंबई इंडियंस ने महिला प्रीमियर लीग के अब तक खेले गए चार सत्रों में दो बार खिताब जीता है। टीम ने 2023 और 2025 में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में ट्रॉफी अपने नाम की थी। हालांकि पिछले सत्र में टीम आठ मैचों में तीन जीत और पांच हार के साथ चौथे स्थान पर रही और प्लेऑफ में जगह नहीं बना सकी। पिछले सत्र का खिताब रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दूसरी बार जीता था।