पंडरवाही में 94 परिवारों के घर पहुंचा नल का पानी, बदली ग्रामीणों की दिनचर्या

Posted on: 2026-09-22


hamabani image

धमतरी, 22 सितंबर। सेवा संकल्प अभियान के तहत नगरी विकासखंड के पंडरवाही गांव में जल जीवन मिशन ने ग्रामीणों की जिंदगी की तस्वीर बदल दी है। अंगीरा ऋषि पर्वत की वादियों और बालका नदी के प्राकृतिक परिवेश में बसे इस गांव के 94 परिवारों तक घरेलू नल कनेक्शन पहुंचने के बाद अब स्वच्छ पेयजल घर-आंगन में उपलब्ध हो रहा है।

पहले ग्रामीणों को पानी के लिए दूर स्थित प्राकृतिक जलस्रोतों पर निर्भर रहना पड़ता था। गर्मी के मौसम में यह समस्या और बढ़ जाती थी। पानी लाने में सबसे अधिक परेशानी महिलाओं और बच्चों को होती थी। सुबह-शाम पानी जुटाने में लगने वाला समय अब परिवार, बच्चों की पढ़ाई और अन्य गतिविधियों के लिए उपयोग किया जा रहा है। गांव की निवासी सुपेन बाई और सुशीला बाई के अनुसार पहले पानी की व्यवस्था में काफी समय और मेहनत लगती थी, लेकिन अब घर के पास नल से पानी मिलने से रोजमर्रा के काम आसान हो गए हैं। जल जीवन मिशन से महिलाओं का श्रम कम हुआ है और बच्चों को पढ़ाई के लिए अधिक समय मिल रहा है। गांव में जलापूर्ति व्यवस्था को सुचारू रखने में पंप ऑपरेटर चुमन पटेल की भूमिका भी महत्वपूर्ण है। वे निर्धारित समय पर मोटर पंप चलाकर ओवरहेड टैंक में पानी भरने की व्यवस्था करते हैं।

पाइपलाइन एवं जलापूर्ति से जुड़ी समस्याओं की निगरानी के साथ जानकारी मेरी पंचायत ऐप पर दर्ज की जाती है। ग्रामीणों की सुविधा के लिए उनका मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया गया है, ताकि समस्या की सूचना मिलने पर तत्काल समाधान किया जा सके। घर में नियमित पानी उपलब्ध होने से व्यक्तिगत स्वच्छता, घरेलू साफ-सफाई और आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखने में भी सुविधा हुई है। ग्रामीणों में सुरक्षित पेयजल और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ी है। पंडरवाही में जल जीवन मिशन का असर केवल नल कनेक्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे महिलाओं का समय और श्रम बचा है, बच्चों को पढ़ाई के लिए समय मिला है और परिवारों की दिनचर्या अधिक व्यवस्थित हुई है। ग्रामीणों के लिए घर तक पहुंचा पानी सुविधा के साथ बेहतर जीवन की उम्मीद का आधार बन रहा है।