जेलेंस्की न्यूयॉर्क में ट्रंप से करेंगे मुलाकात

Posted on: 2026-09-21


hamabani image

वॉशिंगटन  यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि उन्होंने और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने न्यूयॉर्क में मुलाकात करने पर सहमति जताई है। जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन, अमेरिकी टीम के साथ मिलकर शांति की दिशा में गंभीर कदम उठाने के लिए तैयार है। ट्रंप से बातचीत के बाद जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर एक पोस्ट में कहा, हम न्यूयॉर्क में मिलने पर सहमत हुए हैं और यह बैठक बहुत कुछ बदल सकती है। कूटनीतिक स्तर पर आगे बढ़ने का माहौल बना है।

हालांकि, जेलेंस्की ने यह नहीं बताया कि यह बैठक किस तारीख को होगी या दोनों नेता इस बैठक में किन मुद्दों पर सहमति बनाने की कोशिश करेंगे। उनकी पोस्ट में उन मुद्दों का जिक्र किया गया, जिन पर बातचीत चल रही है, लेकिन किसी शांति समझौते या किसी कदम को लागू करने की समयसीमा का ऐलान नहीं किया गया।

जेलेंस्की ने ट्रंप के साथ हुई बातचीत को अहम बताया और कहा कि इसमें कई जरूरी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने साफ किया कि अमेरिकी टीम के साथ यूक्रेन की बातचीत में शांति हासिल करना सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, शांति की दिशा में आगे बढ़ना हमारी पहली प्राथमिकता है।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि तनाव कम करने के संभावित कदमों के साथ-साथ ऊर्जा सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा और लोगों की जान की सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि इस संबंध में कौन-कौन से खास प्रस्ताव रखे गए हैं या उन्हें जमीन पर कैसे लागू किया जाएगा।