दिल्ली हवाई अड्डे के तीसरे रनवे पर सेवाएं रविवार से फिर होंगी बहाल

Posted on: 2026-09-19


hamabani image

नई दिल्ली, 19 सितंबर । इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) एयरपोर्ट का तीसरा रनवे (11आर/29एल) रविवार, 20 सितंबर से फिर से ऑपरेशन में आ जाएगा। इसको इसी साल फरवरी में पुनर्वास के लिए बंद किया गया था। इसको करीब सात महीने बाद दोबारा चालू किया जा रहा है।

इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का संचालन करने वाली कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डीआईएएल) ने शनिवार को इसकी आधिकारिक घोषणा की। डीआईएएल ने बताया कि यह रनवे मरम्मत और अपग्रेडेशन (सुदृढ़ीकरण) के काम की वजह से पिछले 7 महीनों से बंद था।

निजी हवाईअड्डा संचालक कंपनी दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने बताया कि रनवे 11आर/29एल (तीसरा रनवे) का जीर्णोद्धार का कार्य पूरा हो गया है और इसको फिर से सेवा में लाने के लिए सभी जरूरी नियामकीय मंजूरियां भी मिल गई हैं।

डीआईएएल ने बताया कि इस वर्ष फरवरी में शुरू हुए जीर्णोद्धार कार्य के तहत रनवे की सतह को फिर से तैयार करने, रनवे 29एल के स्थायी थ्रेशोल्ड को आगे करने, नए रैपिड एग्जिट टैक्सीवे (आरईटी जेड1) के निर्माण, एयरफील्ड ग्राउंड लाइटिंग सिस्टम के उन्नयन और रनवे की सतह को मजबूत करने सहित कई काम किए गए। कंपनी के अनुसार, उन्नत किए गए रनवे को सभी जरूरी निरीक्षण, सत्यापन और नियामकीय मंजूरियां मिलने के बाद परिचालन के लिए तैयार किया गया है।

डीआईएएल, अवसंरचना क्षेत्र की कंपनी जीएमआर समूह के नेतृत्व वाले समूह और भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) का संयुक्त उपक्रम है। दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर तीसरा रनवे को 2008 में शुरू किया गया था।

उल्लेखनीय है कि देश के सबसे व्यस्त हवाईअड्डे के रूप में दिल्ली हवाई अड्डे पर चार रनवे के जरिये प्रतिदिन 1,300 से अधिक उड़ानों का संचालन होता है। इसकी सालाना यात्री क्षमता 10.6 करोड़ है।