प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं. इस खास मौके पर बॉलीवुड की दुनिया के जाने माने सितारों ने बधाईयां देना शुरू कर दिया है और सोशल मीडिया पर हैप्पी बर्थडे पीएम मोदी विश करते हुए नजर आ रहे हैं. इस लिस्ट में अक्षय कुमार, उपासना सिंह, दीपशिखा नागपाल और ईशा कोप्पिकर का नाम शामिल है, जिन्होंने सोशल मीडिया के जरिए पीएम मोदी को 76वें जन्मदिन पर बधाई दी है. इसके अलावा कुछ सेलेब्स ने IANS को दिए इंटरव्यू में रिएक्शन दिया है.
अक्षय कुमार ने पीएम मोदी को किया बर्थडे विश
एक्स पर पीएम मोदी को बर्थडे विश करते हुए अक्षय कुमार ने लिखा, आज हमारे सम्मानित प्रधानमंत्री जी का जन्मदिन है और इस दिन को सेवा के संकल्प के साथ मनाया जा रहा है. मेरा मानना है कि जन्मदिन मनाने का इससे बेहतर और सुंदर तरीका कोई और नहीं हो सकता. किसी की सेवा करना, किसी जरूरतमंद की मदद करना, किसी के चेहरे पर मुस्कान लाना... बस यही एक सरल संकल्प. जन्मदिन की शुभकामनाएं मोदी जी. हमारे महान देश को प्रेरित करते रहें. जय भारत. जय महाकाल.
एक्स पर अनुपम खेर ने लिखा, भारत के माननीय और अत्यंत प्रिय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं!
ईश्वर आपको दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन प्रदान करें. आप न केवल करोड़ों भारतीयों के लिए, बल्कि दुनिया भर के अनेक देशों के अनगिनत लोगों के लिए भी प्रेरणा के स्रोत हैं. अहमदाबाद में आपसे हुई मेरी पहली मुलाकात मेरे लिए अत्यंत प्रेरणादायक थी. मैं आपकी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा, अथक परिश्रम, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का हृदय से सम्मान करता हूं. आप एक ऐसे दुर्लभ और निस्वार्थ नेता हैं जिनके लिए मातृभूमि सदैव सर्वोपरि है. मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि आप आने वाले कई वर्षों तक इसी ऊर्जा, अटूट संकल्प और समर्पण के साथ देश का नेतृत्व करते रहें. एक बार फिर, जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं, मोदी जी.
जय हिंद!
सुनील शेट्टी ने दी बधाई
PM मोदी की तस्वीर शेयर करते हुए एक्टर सुनील शेट्टी ने एक्स पर लिखा, हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत शुभकामनाएं. आने वाला वर्ष आपके लिए उत्तम स्वास्थ्य, शक्ति और राष्ट्र सेवा के प्रति निरंतर संकल्प लेकर आए.
मोदी जी का घर है इस एक्ट्रेस का ननिहाल
एक्ट्रेस उपासना सिंह ने जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा, "मोदीजी, मैं आपकी बहुत बड़ी फैन हूं. मैं भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहती हूं कि हमारे प्रधानमंत्री भारत जैसे देश में हुए और इतिहास रच दिया. उन्होंने इतने अच्छे काम किए हैं. मेरा तो यही मानना है कि अगर कोई व्यक्ति इतने समय तक प्रधानमंत्री है, तो उनमें कुछ तो बात है. मोदी हैं तो सब कुछ संभव है, मैं भी इस बात को मानती हूं." दीपशिखा नागपाल ने बताया कि पीएम मोदी का घर उनका ननिहाल है. उन्होंने कहा, "मैं बताना चाहती हूं कि वे जहां से हैं, वहां मेरे नाना का घर है यानी कि वो मेरा ननिहाल है. मैं मोदी जी को जन्मदिन की बधाई देना चाहती हूं, भगवान आपको तंदुरस्त रखे. हमेशा खुश रहें और ऐसे ही तरक्की करते रहें."
अभिनेत्री ईशा कोप्पिकर ने बताया कि वे प्रधानमंत्री मोदी की बहुत बड़ी फैन हैं. उन्होंने कहा, "मोदीजी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं. आपने पिछले 25 साल से मुख्यमंत्री से लेकर प्रधानमंत्री के पद पर रहकर बहुत अच्छा काम किया है. भारत को एक अच्छे मुकाम पर पहुंचाया है. जन्मदिन के लिए बहुत-बहुत शुभकामनाएं। भगवान आप पर बहुत कृपा बरसाए." विंदु दारा सिंह ने कहा, " पीएम मोदी को हमारी तरफ से जन्मदिन की शुभकामनाएं. वो आगे भी ऐसे ही अच्छा काम करते रहें. हर रोज अच्छा काम करते हैं और अभी ब्रिक्स में अच्छा काम कर ही रहे हैं, लीडर कोई हो तो ऐसा हो, वर्ना न हो."