पांचवीं के छात्र को डराकर पैसे लेने का आरोप, मां-बेटे के खिलाफ FIR

Posted on: 2026-09-15


hamabani image

रायपुर: राजधानी रायपुर में नाबालिग से मारपीट कर हाथ-पैर तोड़ने का डर दिखाकर अवैध वसूली किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि परफ्यूम बेचने के नाम पर नाबालिग छात्र से करीब 1 लाख 77 हजार रुपये की वसूली की गई। इस मामले में एक नाबालिग और उसकी मां के खिलाफ खमतराई थाना में FIR दर्ज की गई है। जानकारी के मुताबिक, 11 साल के पांचवीं कक्षा के छात्र की पहचान आरोपी नाबालिग से कोचिंग में हुई थी। आरोपी और उसकी मां ने पीड़ित छात्र को परफ्यूम बेचने की बात कहकर पैसे देने के लिए दबाव बनाया। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर मारपीट कर हाथ-पैर तोड़ने का डर दिखाया।

डर के चलते पीड़ित छात्र ने 27 जुलाई से घर की अलमारी में रखी नकदी निकालकर आरोपी नाबालिग और उसकी मां को देना शुरू कर दिया। इस तरह अलग-अलग समय में करीब 1 लाख 77 हजार रुपये दिए जाने का आरोप है। मामले की जानकारी पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत के आधार पर खमतराई पुलिस ने नाबालिग आरोपी और उसकी मां के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम, रकम के लेन-देन और आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।