आज पूरे देश में गणेश चतुर्थी का त्योहार बहुत श्रद्धा और हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। यह दिन भगवान गणेश के जन्म का प्रतीक है, जो बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्य के देवता हैं। इसे विनायक चतुर्थी या गणेश उत्सव के नाम से भी जाना जाता है। दस दिनों तक चलने वाले उत्सव की शुरुआत का आज पहला दिन है, इस दौरान लोग अपने घरों में भगवान गणेश की मिट्टी की मूर्तियां स्थापित करते हैं और उनकी पूजा करते हैं।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को बधाई दी है। राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि भगवान गणेश ज्ञान, समृद्धि और शुभ शुरुआत के प्रतीक हैं। गणेश चतुर्थी का त्योहार हमारे जीवन में ऊर्जा, ज्ञान और सकारात्मकता लाता है। उन्होंने कहा कि यह पवित्र पर्व सभी को जीवन में नए संकल्पों के साथ तरक्की के रास्ते पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। राष्ट्रपति मुर्मु ने कामना की कि भगवान गणेश सभी के जीवन में उत्तम स्वास्थ्य, सुख-समृद्धि और शांति लाएं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज गणेश चतुर्थी के अवसर पर देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया पर संस्कृत में सुभाषितम साझा करते हुए उन्होंने कामना की कि यह पवित्र त्योहार सभी के जीवन में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करे।
उन्होंने यह भी कामना की कि भगवान गणेश के दिव्य आशीर्वाद से सभी प्रयासों में सफलता मिले और देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो।