साइबर अपराधों से बचाव में जागरूकता और सतर्कता सबसे बड़ा सुरक्षा कवच : अरुण साव

Posted on: 2026-09-12


hamabani image

बिलासपुर, 12 सितंबर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि साइबर अपराधों से बचाव के लिए आम नागरिकों, विद्यार्थियों और युवाओं में जागरूकता एवं सतर्कता बेहद जरूरी है। तकनीक का उपयोग जिस तेजी से बढ़ रहा है, उसी गंभीरता से साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। सतर्क नागरिक ही सुरक्षित समाज की मजबूत नींव हैं।

साव शनिवार को अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय, कोनी में छत्तीसगढ़ पुलिस एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित साइबर जागृति अभियान को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल, इंटरनेट और ऑनलाइन माध्यम हमारी दिनचर्या का महत्वपूर्ण हिस्सा बन चुके हैं। इसके साथ ही साइबर अपराध के नए-नए तरीके भी सामने आ रहे हैं। थोड़ी सी असावधानी से आर्थिक नुकसान के साथ व्यक्तिगत जानकारी भी अपराधियों के हाथ लग सकती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने तथा अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर आईजी रामगोपाल गर्ग ने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, संदिग्ध कॉल या संदेश पर व्यक्तिगत एवं बैंक संबंधी जानकारी साझा नहीं करने तथा सोशल मीडिया का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की समझाइश दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध होने पर घबराने के बजाय तत्काल पुलिस को सूचना देनी चाहिए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, उनसे बचाव के उपायों और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए सुरक्षित एवं जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

इस अवसर पर प्रभारी कुलपति डॉ. एचएस होता, नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, कुलसचिव तारणीश गौतम, ग्रामीण भाजपा जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, एनएसएस प्रभारी प्रोफेसर मनोज सिन्हा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, युवा और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अभियान के माध्यम से “स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी जागरूक करें” का संदेश दिया गया।