मोकी, (चीन) 10 सितंबर भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने शानदार आक्रामक प्रदर्शन करते हुए गुरुवार को महिला जूनियर एशिया कप-2026 के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। भारत ने मुकाबले के चारों क्वार्टर में गोल दागे और एकतरफा जीत दर्ज की।
भारत ने पहले क्वार्टर में पांच, दूसरे में पांच, तीसरे में तीन और अंतिम क्वार्टर में छह गोल किए। भारतीय टीम ने शुरुआत से ही पाकिस्तान पर दबाव बनाए रखा और पहले पांच मिनट में ही दो पेनल्टी कॉर्नर हासिल किए, हालांकि दोनों मौकों को गोल में नहीं बदला जा सका। सातवें मिनट में पूजा साहू ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत का खाता खोला। इसके दो मिनट बाद रोशनी ऐंद ने फील्ड गोल कर बढ़त 2-0 कर दी। 11वें मिनट में तनुश्री दिनेश कडू ने डिफ्लेक्शन के जरिए गोल किया।
इसके बाद पाकिस्तान की टीम ने सर्किल के अंदर फाउल किया और भारत को पेनल्टी स्ट्रोक मिला। सुखवीर कौर ने 13वें मिनट में इसे आसानी से गोल में बदल दिया। इसके तुरंत बाद सानिका चंद्रकांत माने ने फील्ड गोल कर भारत को पहले क्वार्टर के अंत में 5-0 की बढ़त दिला दी।
दूसरे क्वार्टर में भी भारत का दबदबा जारी रहा। मधु सिदार ने 16वें मिनट में और गीता यादव ने 18वें मिनट में गोल कर स्कोर 7-0 कर दिया। सानिका माने ने 23वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जबकि तनुजा टोप्पो ने 25वें मिनट में गोल कर भारत की बढ़त 9-0 कर दी। 27वें मिनट में पूजा मलिक ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 10-0 से आगे कर दिया।
हाफ टाइम तक भारत ने आठ पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल कर लिया था। तीसरे क्वार्टर में पूर्णिमा यादव ने 33वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर डिफ्लेक्शन के जरिए गोल किया। मधु सिदार ने 39वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया, जबकि सुप्रिया ने 40वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को 13-0 की बढ़त दिला दी।
अंतिम क्वार्टर में भारत ने छह और गोल दागे। कृष्णा शर्मा ने 48वें मिनट में टूर्नामेंट का अपना पहला गोल किया। पूजा मलिक ने 49वें मिनट में दूसरा गोल और 51वें मिनट में तीसरा गोल करके अपनी हैट्रिक पूरी की। सुप्रिया ने 54वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर पर अपना दूसरा गोल किया।
बिनिमा धन ने 55वें मिनट में फील्ड गोल किया, जबकि रोशनी ऐंद ने 60वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर भारत की जीत का स्कोर 19-0 कर दिया।
आंकड़े भी भारत के एकतरफा दबदबे की गवाही देते हैं। भारत ने कुल 19 गोल किए, जबकि उसे 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक मिला। पाकिस्तान पूरे मुकाबले में न तो कोई गोल कर सका और न ही पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी स्ट्रोक हासिल कर सका।
इस शानदार जीत के साथ भारत ने महिला जूनियर एशिया कप के सेमीफाइनल में जगह पक्की कर ली है। अब 12 सितंबर को सेमीफाइनल में भारत का सामना क्वार्टर फाइनल-4 में दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले मुकाबले के विजेता से होगा।