जांजगीर-चांपा, 08 सितम्बर। पामगढ़ थाना क्षेत्र में महिला को बहला-फुसलाकर जबरन कार में ले जाने और उसके साथ अनाचार के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार सहयोगी आरोपितों को आज मंगलवार को गिरफ्तार किया है। इस मामले में मुख्य आरोपित रमेश श्रीवास को 24 अगस्त की रात को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज चुकी है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पामगढ़ थाना क्षेत्र से एक महिला को अज्ञात लोगों द्वारा प्रलोभन देकर बहला-फुसलाकर ले जाने की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन में पामगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला को सकुशल बरामद कर लिया।
पूछताछ के दौरान पीड़िता ने पुलिस को बताया कि 23 अगस्त 2026 की रात रमेश श्रीवास निवासी भैंसो और उसके साथियों ने उसे बहला-फुसलाकर जबरन कार में बैठा लिया। महिला ने जब विरोध किया और शोर मचाने की कोशिश की तो रमेश श्रीवास ने उसका मुंह हाथ से बंद कर दिया। इसके बाद उसे कार से रायगढ़ की ओर ले जाया गया। रायगढ़ पहुंचने के बाद रमेश के साथी वहां से चले गए। पुलिस जांच में मुख्य आरोपित रमेश श्रीवास द्वारा महिला के साथ जबरन अनाचार किए जाने की बात सामने आई।
मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित रमेश श्रीवास उम्र 40 वर्ष, निवासी ग्राम भैंसो, थाना पामगढ़ को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। वहीं, घटना में उसके साथ षड्यंत्र कर सहयोग करने वाले अन्य आरोपियों की पुलिस लगातार तलाश कर रही थी।
मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने चार संदिग्धों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपितों ने घटना में सहयोग करना स्वीकार किया। इसके बाद चारों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में आकाश सिंह उम्र 36 वर्ष निवासी भैंसो, प्रमोद श्रीवास उम्र 30 वर्ष निवासी भैंसो थाना पामगढ़, इंद्र कुमार धीवर उम्र 40 वर्ष निवासी ब्यासनगर पामगढ़ और उमेश यादव उर्फ भोलू उम्र 23 वर्ष निवासी ब्यासनगर पामगढ़ शामिल हैं।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद कर जब्त कर ली है। मामले की आगे की विवेचना पामगढ़ पुलिस द्वारा की जा रही है। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी सहित पामगढ़ थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।