रायपुर में चाकूबाजी कर मोबाइल लूटा, तीन बदमाश गिरफ्तार

Posted on: 2026-09-07


hamabani image

राजधानी रायपुर में रास्ता पूछने के बहाने युवक को रोककर चाकू से हमला करने और मोबाइल लूटने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल फोन, घटना में प्रयुक्त चाकू, मोटरसाइकिल और नगदी रकम बरामद की है। पुलिस के अनुसार, घटना 29 अगस्त 2026 की रात करीब 9:45 बजे की है।

हल्दीराम होटल में सेल्समैन के रूप में काम करने वाला धरमवीर साहू खाना खाने के बाद पैदल हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित अपने कमरे की ओर जा रहा था। वह लाभांडी जाने वाली सर्विस रोड पर बस स्टॉप के पास पहुंचा था। इसी दौरान जोरा मॉल की ओर से मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां पहुंचे।
दोनों आरोपियों ने रास्ता पूछने के बहाने धरमवीर को रोक लिया। इसके बाद उसके हाथ में रखे मोबाइल फोन को लूटने का प्रयास किया। धरमवीर ने जब इसका विरोध किया तो दोनों युवकों ने उसका हाथ पकड़ लिया और किसी नुकीली वस्तु से उस पर हमला कर दिया। हमले में उसके बाएं हाथ की भुजा, पेट और पीठ में चोटें आईं। इसके बाद आरोपी उसका मोबाइल फोन लूटकर मोटरसाइकिल से मैग्नेटो मॉल की ओर फरार हो गए। घटना के बाद घायल धरमवीर को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। उसकी रिपोर्ट पर थाना तेलीबांधा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 375/26 के तहत बीएनएस की धारा 309(4), 3(5) में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना तेलीबांधा पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने पीड़ित से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ की और आरोपियों की पहचान के लिए अलग-अलग स्तरों पर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल के संबंध में भी तकनीकी जानकारी जुटाई गई। सीसीटीवी फुटेज और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्यों का सूक्ष्म विश्लेषण करने के बाद पुलिस को आरोपियों के संबंध में अहम सुराग मिले।

जांच के दौरान पुलिस ने भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा और राजू सबर को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि लूट के दौरान छीना गया मोबाइल फोन उन्होंने दूजराम साहू उर्फ छोटू के पास बिक्री किया था। इसके बाद पुलिस ने दूजराम साहू उर्फ छोटू की तलाश शुरू की और उसे भी पकड़ लिया। पूछताछ तथा उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से लूट का मोबाइल फोन, वारदात में इस्तेमाल चाकू, मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 HJ 0670 और नगदी रकम बरामद की गई।

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा और दूजराम साहू उर्फ छोटू पूर्व में भी मारपीट के मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भुनेश्वर निषाद उर्फ राजा, उम्र 19 वर्ष, निवासी विशाल नाला के पास थाना तेलीबांधा; राजू सबर, उम्र 25 वर्ष, निवासी हीरा नगर हनुमान मंदिर के पास थाना तेलीबांधा और दूजराम साहू उर्फ छोटू, उम्र 26 वर्ष, निवासी हीरा नगर विशाल नगर थाना तेलीबांधा के रूप में हुई है। पुलिस की इस कार्रवाई से चाकू से हमला कर मोबाइल लूटने की वारदात का खुलासा हो गया है। पुलिस ने बताया कि अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर आरोपियों की लगातार पतासाजी की जा रही है।