शिक्षक सिर्फ किताबी ज्ञान नहीं देते, विद्यार्थी के चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण करते हैं : डॉ प्रशांत

Posted on: 2026-09-05


hamabani image


कोरबा, 5 सितंबर  कमला नेहरू महाविद्यालय में शनिवार को भारत के पूर्व राष्ट्रपति, महान दार्शनिक एवं उत्कृष्ट शिक्षाविद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जन्म दिवस को शिक्षक दिवस के रूप में अत्यंत हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने कहा, "शिक्षक केवल किताबी ज्ञान नहीं देता, बल्कि वह छात्र के चरित्र और व्यक्तित्व का निर्माण करता है। डॉ. राधाकृष्णन का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उस दौर से लेकर आज के डिजिटल युग तक शिक्षकों ने खुद को निरंतर बदला है ताकि वे छात्रों को सर्वश्रेष्ठ दे सकें। महाविद्यालय का प्रत्येक प्राध्यापक संस्थान की रीढ़ है।

इस अवसर पर महाविद्यालय के विभिन्न विभागों, ग्रन्थालय और शिक्षा संकाय में विविध सांस्कृतिक व सम्मान कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें छात्र-छात्राओं और प्राध्यापकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के ग्रन्थालय में हुआ। मुख्य अतिथि रहे प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर, प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों ने भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलित कर एवं पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस गरिमामयी अवसर पर बी.लिब. एंड आई.एस.सी. विभाग के छात्र-छात्राओं ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। इनमें छात्रा हेमा पाल, लॉर्ड मिश्रा, अंजु पटेल और सलोनी सिंह ने अपने सारगर्भित विचारों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा और राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के अमूल्य योगदान को रेखांकित किया।

प्राध्यापकों को किया गया सम्मानित

कमला नेहरू महाविद्यालय में प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी परंपरा को जीवंत रखते हुए स्टाफ रूम (प्राध्यापक कक्ष) में एक विशेष गरिमापूर्ण सत्र आयोजित किया गया। इसमें महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रशांत बोपापुरकर ने सभी विभागों के प्राध्यापकों का व्यक्तिगत रूप से उपहार भेंट कर सम्मान किया। उन्होंने सभी शिक्षकों के कड़े परिश्रम और शिक्षण के प्रति उनकी निष्ठा की सराहना की। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

शिक्षा संकाय में बीएड स्टूडेंट्स ने दी नृत्य व गीतों की प्रस्तुति

शिक्षा संकाय में बीएड के विद्यार्थियों द्वारा भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में गीत, नृत्य और प्रेरक वक्तव्य प्रस्तुत किए।छात्रों ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक समाज का वह दर्पण हैं जो युवाओं को सही दिशा दिखाकर देश का भविष्य संवारते हैं। मंच संचालन सेजल सिंह, जोशिता नायडू ने किया। प्रतिभा यादव ने कविता प्रस्तुति, एकल गीत दुर्गा यादव, सामुहिक नृत्य ममता, राधिका, मुस्कान, अंजू, सुजाता, नम्रता, सीमा, स्वागत गीत सरिता, काजल, प्रियंका, सुरेखा, प्रीति, राधिका, युगल गीत तान्या और नियति ने प्रस्तुत किया।

प्राणीशास्त्र विभाग में केक काटकर मनाया गया उत्सव

महाविद्यालय के प्राणीशास्त्र विभाग में भी शिक्षक दिवस का उत्साह देखते ही बन रहा था। यहाँ छात्र-छात्राओं ने अपने प्राध्यापकों के सम्मान में एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। सभी ने मिलकर केक काटा और अपने गुरुजनों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की।