बालेन्द्र शाह 24 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा को करेंगे संबोधित, नेपाल आपदा को लेकर करेंगे अपील

Posted on: 2026-09-05


hamabani image

काठमांडू, 05 सितंबर । नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 24 सितंबर को संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र को संबोधित करेंगे। संयुक्त राष्ट्र में नेपाल का प्रतिनिधित्व करते हुए बालेन्द्र शाह 22 सितंबर से अमेरिका दौरे पर जा रहे हैं।

नेपाल की ओर से प्रस्ताव भेजे जाने के बाद संयुक्त राष्ट्र ने वक्ताओं की सूची में संशोधन करते हुए शुक्रवार को प्रधानमंत्री शाह के संबोधन का कार्यक्रम तय किया है।

संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय की ओर से निर्धारित समय की जानकारी न्यूयॉर्क स्थित नेपाली मिशन के जरिए विदेश मंत्रालय होते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंच गई है। इसके अनुसार प्रधानमंत्री शाह की अमेरिका यात्रा की तैयारियां आगे बढ़ाई जा रही हैं।

संशोधित कार्यक्रम के मुताबिक, 24 सितंबर को दोपहर 3 बजे से रात 9 बजे तक 18 नेता महासभा को संबोधित करेंगे। इस सूची में नेपाल के प्रधानमंत्री 17वें वक्ता होंगे। संयुक्त राष्ट्र द्वारा जारी सूची के मुताबिक इसी सत्र में इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी 18वीं वक्ता के रूप में संबोधन करेंगी।

न्यूयॉर्क स्थित संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में होने वाले महासभा के इस सत्र में अब तक 118 देशों के नेताओं के संबोधन की सूची तैयार की गई है।

विदेश मंत्रालय और प्रधानमंत्री सचिवालय के अधिकारियों के मुताबिक, नेपाल में आई विनाशकारी बाढ़ और आपदा के कारण प्रधानमंत्री शाह के स्वयं महासभा को संबोधित करने की तैयारी की गई है। माना जा रहा है कि प्रधानमंत्री अपने संबोधन में जलवायु परिवर्तन के कारण नेपाल के समक्ष भीषण आपदा और इससे हुए नुकसान के लिए क्षतिपूर्ति तथा जलवायु न्याय का मुद्दा उठाएंगे। साथ ही नेपाल के पुनर्निर्माण के लिए इस वैश्विक मंच से सहयोग की अपील भी करने वाले हैं।

आपदा से पहले महासभा में नेपाल की ओर से विदेश मंत्री शिशिर खनाल के संबोधन की तैयारी थी। हालांकि, अब प्रधानमंत्री शाह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल अमेरिका जाएगा। सरकार की कोशिश है कि प्रधानमंत्री की अमेरिका यात्रा को यथासंभव छोटा रखा जाए।

नेपाल में अभी राहत और बचाव कार्य जारी होने के कारण प्रधानमंत्री के महासभा को संबोधित करने के बाद स्वदेश लौटने की संभावना है। उनके कार्यक्रम के आधार पर ही ‘साइडलाइन’ द्विपक्षीय बैठकों को अंतिम रूप दिया जाएगा। न्यूयॉर्क में प्रधानमंत्री की संभावित मुलाकातों में अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ मुलाक़ात का प्रयास किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री बनने के करीब पांच महीने बाद शाह की यह पहली विदेश यात्रा होगी। प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्होंने अबतक किसी देश के राष्ट्राध्यक्ष या सरकार प्रमुख के साथ प्रत्यक्ष मुलाकात नहीं की है।

इससे पहले 19 अगस्त को हुई मंत्रिपरिषद की बैठक ने महासभा में नेपाली प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व विदेश मंत्री शिशिर खनाल द्वारा किए जाने का फैसला किया था। लेकिन 26 अगस्त को रसुवा के भोटेकोशी में आई महाविपदा के बाद 3 सितंबर को प्रधानमंत्री शाह के स्वयं महासभा को संबोधित करने का निर्णय लिया गया। प्रधानमंत्री के जाने के कारण विदेश मंत्री खनाल प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल होंगे।

प्रधानमंत्री के साथ अमेरिका जाने वाले प्रतिनिधिमंडल में उनके मुख्य सलाहकार कुमार बेन, प्रमुख स्वकीय सचिव सुवास शर्मा, निजी सचिव प्रदीप परियार और फोटोग्राफर विनय शाक्य शामिल होंगे।

इसी तरह विदेश सचिव अमृतबहादुर राई, संयुक्त राष्ट्र मामलों को देखने वाले महाशाखा प्रमुख कृष्ण प्रसाद ढकाल और शिष्टाचार महापाल कुमार राज खरेल भी प्रतिनिधिमंडल में रहेंगे। न्यूयॉर्क स्थित नेपाली स्थायी मिशन के प्रमुख लोक बहादुर थापा भी महासभा में प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में शामिल होंगे।