छत्तीसगढ़ में सहकारी बैंकों व समितियों के 1,360 पदों पर भर्ती को मंजूरी

Posted on: 2026-09-04


hamabani image

रायपुर, 04 सितंबर छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से पांच जिला सहकारी केंद्रीय बैंक क्षेत्रों तथा उनसे संबद्ध प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में कुल 1,360 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी है। इनमें जिला सहकारी केंद्रीय बैंकों के विभिन्न संवर्गों के 198 पद और प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों में समिति प्रबंधकों के 1,162 पद शामिल हैं।

सहकारिता विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार समिति प्रबंधकों के 1,162 पदों में 596 पद सीधी भर्ती तथा 566 पद सीमित चयन के माध्यम से भरे जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया संबंधित कर्मचारी सेवा नियम-2023, आरक्षण प्रावधानों एवं निर्धारित वित्तीय मानकों के अनुरूप संचालित की जाएगी।

सहकारिता मंत्री केदार कश्यप ने शुक्रवार काे कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सहकारी संस्थाओं को अधिक सक्षम और किसान हितैषी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भर्ती से युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे, जबकि सहकारी बैंकों और समितियों की कार्यक्षमता बढ़ने से किसानों एवं खाताधारकों को बैंकिंग सेवाएं अधिक सुगमता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध होंगी।

भर्ती के तहत रायपुर क्षेत्र में सर्वाधिक 508 पद, बिलासपुर क्षेत्र में 444, बस्तर-जगदलपुर क्षेत्र में 187, दुर्ग-राजनांदगांव क्षेत्र में 154 तथा रायगढ़ क्षेत्र में 67 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। बैंक संवर्ग के पदों में उप प्रबंधक, सहायक प्रबंधक, प्रोग्रामर, सहायक प्रोग्रामर, फील्ड ऑफिसर और सामान्य सहायक शामिल हैं।

विभाग के अनुसार चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संभागीय संयुक्त पंजीयक को भर्ती एवं चयन समिति का अनिवार्य सदस्य बनाया जाएगा। साथ ही पूरी प्रक्रिया सर्वोच्च न्यायालय में लंबित विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) के अंतिम निर्णय के अधीन रहेगी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और सहकारिता मंत्री केदार कश्यप की पहल पर लिया गया यह निर्णय प्रदेश की सहकारी बैंकिंग व्यवस्था को आधुनिक एवं सक्षम बनाने के साथ ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगा।