प्रयागराज, 04 सितंबर मध्य वायु कमान के वायु अफसर कमांडिंग-इन-चीफ (एओसी-इन-सी) एयर मार्शल तरुण चौधरी ने वायु सेना स्टेशन बमरौली का दौरा कर स्टेशन की परिचालन तैयारियों और शांतिकालीन कार्यप्रणाली की व्यापक समीक्षा की।
यह जानकारी शुक्रवार को रक्षा मंत्रालय के जनसंपर्क अधिकारी एवं प्रवक्ता, प्रयागराज विंग कमांडर देबार्थो धर ने दी। एयर मार्शल तरुण चौधरी ने वायु योद्धाओं की प्रतिबद्धता और उच्च मनोबल की सराहना करते हुए संचालनात्मक दक्षता को लगातार मजबूत बनाए रखने पर जोर दिया। उनके साथ अध्यक्षा, अफवा (क्षेत्रीय) सविता चौधरी भी मौजूद रहीं।
इस दौरान एयर मार्शल तरुण चौधरी ने वायुसेना स्टेशन बमरौली में चल रहे विभिन्न क्षमता परिवर्तन प्रयासों, निर्माण कार्यों से जुड़ी सेवाओं तथा मौजूदा अवस्थापना की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्टेशन की परिचालन तैयारियों की समीक्षा करते हुए कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्टेशन के कार्मिकों से बातचीत के दौरान एओसी-इन-सी ने वायु योद्धाओं के समर्पण और कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि परिचालनात्मक दक्षता वायुसेना की प्राथमिक आवश्यकताओं में से एक है। उन्होंने कार्मिकों से सौंपे गए नए कार्यों और जिम्मेदारियों के प्रभावी उपयोग पर निरंतर ध्यान केंद्रित रखने का आह्वान किया।