नई दिल्ली, 04 सितंबर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक, राष्ट्रीय कवि संगम के संस्थापक अध्यक्ष एवं प्रख्यात साहित्यकार जगदीश मित्तल का 3 सितंबर को निधन हो गया। केंद्रीयमंत्री मनोहर लाल के साथ विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त करते हुए उन्हें राष्ट्र, समाज, संगठन और साहित्य के प्रति समर्पित व्यक्तित्व बताया। जगदीश मित्तल का अंतिम संस्कार आज दोपहर 3 बजे हरियाणा के जगाधरी में किया जाएगा।
केंद्रीयमंत्री मनोहर लाल ने जगदीश मित्तल के निधन को अत्यंत दुःखद बताते हुए कहा कि उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन राष्ट्र, समाज और साहित्य की सेवा के लिए समर्पित कर दिया। समाज के प्रति उनकी निष्ठा और साहित्य के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए अमूल्य विरासत है। उन्होंने परमात्मा से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय कवि संगम के संस्थापक एवं अध्यक्ष और आरएसएस के पूर्व वरिष्ठ प्रचारक जगदीश मित्तल का जीवन राष्ट्रभाव, संगठन, साहित्य और समाजसेवा को समर्पित रहा। उनका जीवन अनेक कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत रहा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिजनों एवं शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की कामना की।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जगदीश मित्तल के निधन को अत्यंत दुखद बताते हुए कहा कि समाज एवं राष्ट्रहित के लिए समर्पित उनका जीवन सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिवार को दुःख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उनके निधन को पीड़ादायक बताते हुए कहा कि राष्ट्रचेतना, साहित्य साधना और संगठनात्मक जीवन के प्रति जगदीश मित्तल का समर्पण सभी को राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की।
दिल्ली सरकार में मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्र, समाज और साहित्य के प्रति जगदीश मित्तल का आजीवन समर्पण सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने वाहेगुरु जी से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।