वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने ऑटोमोबाइल उद्योग से स्थानीयकरण को बढ़ावा देने, निर्यात बढ़ाने और वैश्विक बाजारों की जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार रहने का आह्वान किया है। मंत्री कल नई दिल्ली में सोसाइटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स-एसआईएएम के 66वें वार्षिक सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने उद्योग से भारत की बढ़ती व्यापारिक साझेदारियों, बढ़ते घरेलू बाजार और विनिर्माण क्षेत्र में वैश्विक बदलावों से उत्पन्न अवसरों का लाभ उठाने का आग्रह किया।
श्री गोयल ने कहा कि आने वाले वर्षों में भारत की विकास गाथा में ऑटोमोटिव क्षेत्र सबसे महत्वपूर्ण चालकों में से एक होगा। उन्होंने कहा कि इस उद्योग ने मजबूत वृद्धि दर्ज की है और बढ़ती आय और आकांक्षाओं से इस वृद्धि को जारी रखने की अपार संभावनाएं हैं। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) ऑटोमोटिव उद्योग को अधिक कुशल, प्रतिस्पर्धी और ग्राहक-अनुकूल बनने में मदद करेगी। उन्होंने आगे कहा कि सरकार महत्वपूर्ण खनिजों, प्रौद्योगिकी, प्लग-एंड-प्ले बुनियादी ढांचे और औद्योगिक पार्कों के साथ उद्योग का समर्थन करने के लिए तैयार है।