सोनू निगम का वो गाना, जो 24 साल पहले बना टीवी की शान, पॉपुलर सीरियल में आवाज ने बनाया सुपरहिट

Posted on: 2026-09-04


hamabani image

आज जब भी रोमांटिक गानों की बात होती है, तो सबसे पहले सोनू निगम की आवाज कानों में गूंजती है, जो 90 के दशक से आज तक अपने गानों से फैंस के दिलों पर राज करते हैं. उन्होंने बॉलीवुड को कई सुपरहिट गाने दिए हैं, जो लंबे समय तक महफिलों की जान रहेंगे. लेकिन क्या आप जानते हैं कि फिल्मों में अपनी पहचान बनाने से पहले सोनू निगम की आवाज छोटे पर्दे पर भी सुनाई दे चुकी थी? दिलचस्प बात यह है कि उन्होंने एक ऐसे टीवी शो के लिए गाया था, जिसका टाइटल ट्रैक घर-घर में मशहूर हो गया था. वह शो था 'कुमकुम - एक प्यारा सा बंधन'.

जब टीवी के सुपरहिट शो को मिली सोनू निगम की आवाज

बहुत कम लोग जानते हैं कि सोनू निगम ने अपने करियर के शुरुआती दौर में सिर्फ फिल्मों के लिए ही नहीं, बल्कि टेलीविजन के लिए भी गाया था. स्टार प्लस के लोकप्रिय डेली सोप 'कुमकुम – एक प्यारा सा बंधन' में लीप (Leap) आने के बाद शो का नया टाइटल ट्रैक सोनू निगम की आवाज में रिकॉर्ड किया गया था. उनकी मधुर और इमोशनल सिंगिंग ने इस टाइटल ट्रैक को खास बना दिया.

शो के दर्शकों ने इसे खूब पसंद किया और यह गाना लंबे समय तक टीवी प्रेमियों के बीच लोकप्रिय रहा. हालांकि उस समय बहुत कम लोगों को पता था कि इस गीत के पीछे वही आवाज है, जो आगे चलकर बॉलीवुड की सबसे बड़ी पहचान बनने वाली थी.

बॉलीवुड का स्टार बनने से पहले का अनसुना सफर

30 जुलाई 1973 को जन्मे सोनू निगम बॉलीवुड के जाने माने प्लेबैक सिंगर हैं, जिन्होंने पिता अगम कुमार निगम के साथ शादियों और स्टेज शो में कम उम्र में गाना शुरू कर दिया था. उन्होंने स्टेज पर पहली बार 4 साल की उम्र में पहली बार स्टेज पर मोहम्मद रफी का गाना गाया. इसके बाद 90 के दशक की शुरुआत में वह मुंबई आए और संघर्ष का सफर शुरू किया उन्हें शुरुआती पहचान एल्बम “रफी की यादें” और गाने “अच्छा सिला दिया” (बेवफा सनम, 1995) से मिली. वहीं 1997 में बॉर्डर का गाना “संदेसे आते हैं” सुपरहिट हुआ और उन्हें देशभर में पहचान दिलाई. उसी साल परदेस का “ये दिल दीवाना” भी बहुत लोकप्रिय हुआ. इसके बाद 2000 के दशक में उन्होंने “कल हो ना हो”, “सूरज हुआ मद्धम” और “यू आर माई सोनिया” जैसे गानों से 2000 के दशक में पॉपुलैरिटी हासिल की.