नेपाल त्रासदी के बाद बिजली का निर्यात प्रभावित, बांग्लादेश को आपूर्ति बंद और भारत को कटौती

Posted on: 2026-09-03


hamabani image

काठमांडू, 03 सितंबर  रसुवा के भोटेकोशी क्षेत्र में आई भीषण बाढ़ से जलविद्युत परियोजनाओं को भारी नुकसान पहुंचने के बाद नेपाल की बिजली निर्यात व्यवस्था प्रभावित हुई है। बांग्लादेश को बिजली निर्यात पूरी तरह रोक दिया गया है, जबकि भारत को भेजी जा रही बिजली में कटौती की गई है।

बांग्लादेश को बिजली निर्यात के लिए समझौता किए गए चिलिमे और त्रिशूली जलविद्युत परियोजनाओं को भोटेकोशी बाढ़ से नुकसान पहुंचा है। इसके कारण इन परियोजनाओं से उत्पादित बिजली बांग्लादेश भेजना संभव नहीं हो पा रहा है। नेपाल इन दोनों परियोजनाओं से उत्पादित 40 मेगावाट बिजली बांग्लादेश को निर्यात करता था। बाढ़ से उत्पादन और प्रसारण संरचनाओं को नुकसान पहुंचने के बाद फिलहाल यह निर्यात रोक दिया गया है।

नेपाल को भारत और बांग्लादेश दोनों को मिलाकर करीब 1,200 मेगावाट तक बिजली निर्यात की अनुमति मिली हुई थी, लेकिन भोटेकोशी में आई बाढ़ से रसुवा और नुवाकोट के कई जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है। बिजली उत्पादन घटने के कारण नेपाल को भारत की ओर होने वाले बिजली निर्यात में भी कटौती करनी पड़ी है। प्रभावित परियोजनाओं से उत्पादन दोबारा शुरू नहीं होने तक भारत को बिजली आपूर्ति पर भी दबाव बना रहने की संभावना है।

बाढ़ से नेपाल विद्युत प्राधिकरण और निजी क्षेत्र की 12 जलविद्युत परियोजनाओं को नुकसान पहुंचा है। निर्माणाधीन परियोजनाओं के ढांचे के साथ-साथ संचालन में रही परियोजनाएं भी बाढ़ से प्रभावित हुई हैं। नेपाल विद्युत प्राधिकरण के अनुसार बाढ़ प्रभावित परियोजनाओं में बिजली उत्पादन पुनः शुरू होने तक देश की निर्यात योग्य बिजली की उपलब्धता कम रहेगी और बिजली निर्यात पर दबाव बना रहेगा।