भारत से भिड़ने के एक महीने बाद जापान और सिंगापुर से मैत्री मुकाबले खेलेगी ब्राजीलियाई फुटबॉल टीम

Posted on: 2026-09-03


hamabani image

नई दिल्ली, 03 सितंबर  पांच बार का विश्व चैंपियन ब्राजील नवंबर में एशियाई टीमों के खिलाफ अपनी तैयारियों को आगे बढ़ाएगा। ब्राजील फुटबॉल संघ ने गुरुवार को घोषणा की कि टीम नवंबर के अंतरराष्ट्रीय विंडो में जापान और सिंगापुर के खिलाफ मैत्री मुकाबले खेलेगी।

कार्लो एंसेलोटी की टीम सितंबर-अक्टूबर की अंतरराष्ट्रीय विंडो में ऑस्ट्रेलिया और भारत के खिलाफ मुकाबले खेलेगी। इसके बाद नवंबर में ब्राजील का सामना 14 नवंबर को जापान और 17 नवंबर को सिंगापुर से होगा। दोनों मुकाबले सिंगापुर के नेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे।

कोच एंसेलोटी ने कहा कि सिंगापुर में होने वाले ये मैत्री मुकाबले आने वाले वर्षों के लिए ब्राजील की राष्ट्रीय टीम तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। जापान और सिंगापुर के खिलाफ मुकाबलों से टीम को अलग-अलग परिस्थितियों में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने का मौका मिलेगा।

उन्होंने कहा कि टीम अपनी पहचान मजबूत करने और विकल्पों का विस्तार करने पर काम कर रही है। लक्ष्य संतुलन के साथ लगातार सुधार करना और आने वाली बड़ी चुनौतियों के लिए टीम को तैयार करना है।

ब्राजील और जापान के बीच मुकाबला 2026 फीफा विश्व कप के अंतिम-32 दौर की भिड़ंत की पुनरावृत्ति भी होगा। उस मुकाबले में गैब्रियल मार्टिनेली ने अंतिम क्षणों में गोल कर ब्राजील को 2-1 से जीत दिलाई थी।

जापान के मुख्य कोच हाजिमे मोरियासु ने कहा कि टीम इस अवसर का पूरा लाभ उठाकर अपने प्रदर्शन में लगातार सुधार करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जापान अगले साल जनवरी में होने वाले एएफसी एशियाई कप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की तैयारी कर रहा है।

सिंगापुर में फुटबॉल को लेकर उत्साह का जिक्र करते हुए मोरियासु ने कहा कि विश्व कप के दौरान सिंगापुर और अन्य एशियाई देशों के कई लोगों ने जापान का समर्थन किया था। उन्होंने ऐसे फुटबॉल प्रेमी देश में खेलने का मौका मिलने पर खुशी जताई।

इस अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम की शुरुआत सिंगापुर और पैराग्वे के बीच 13 नवंबर को नेशनल स्टेडियम में होने वाले मुकाबले से होगी। इसके अगले दिन जापान और ब्राजील आमने-सामने होंगे।