युद्ध के मैदान से खतरनाक जंगलों तक नहीं छोड़ा साथ, 25 सितंबर को बड़े पर्दे पर दिखेगी इंसान और कुत्ते की अनोखी दोस्ती

Posted on: 2026-09-01


hamabani image

इंसान और कुत्ते के रिश्तों पर कई फिल्में बनी हैं. जिसमें तेरी मेहरबानियां से लेकर ओह माय डॉग जैसी फिल्मों के नाम शामिल है. हॉलीवुड भी कई दिल छू लेने वाली कहानियां पेश कर चुका है. हॉलीवुड से एक ऐसी ही फिल्म जल्द ही सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है जिसमें इंसान और कुत्ते के रिश्ते को दिखाने की कोशिश की गई है. पैरामाउंट पिक्चर्स की 'हार्ट ऑफ द बीस्ट' 25 सितंबर 2026 को भारत में रिलीज होगी. ब्रैड पिट की यह सर्वाइवल थ्रिलर इंसान और कुत्ते के अनोखे रिश्ते को केंद्र में रखकर बनाई गई है. हाल ही में जारी फीचरट में ब्रैड पिट, निर्देशक डेविड आयर और जेके सिमन्स ने फिल्म के भावनात्मक पहलुओं पर खुलकर बात की.

ब्रैड पिट का किरदार और कुत्ते ओडिन से गहरा रिश्ता

फिल्म में ब्रैड पिट स्पेशल फोर्सेज के ऑफिसर जेम्स बेलमोंट का किरदार निभा रहे हैं. उनके साथ उनका कॉम्बैट डॉग ओडिन है. एक विमान दुर्घटना के बाद दोनों अलास्का के जंगल में फंस जाते हैं. वहां उन्हें प्रकृति की चुनौतियों से जूझना पड़ता है. पिट कहते हैं कि स्क्रिप्ट पढ़ते ही वे बहुत प्रभावित हुए. इंसान और कुत्ते के बीच का यह रिश्ता अविश्वसनीय है. एक झलक देखने पर यह सर्वाइवल फिल्म लगती है, लेकिन असल में यह एक लव स्टोरी है. पिट ने कहा कि इस अनुभव ने उनके उस विश्वास को और मजबूत किया कि कुत्ते हमारे साथ वफादारी और बिना शर्त प्यार करते हैं. कुत्तों की वजह से हम दुनिया में कम अकेले महसूस करते हैं.