स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने प्रधानमंत्री-प्रगति योजना के तहत टीबी उन्मूलन प्रयासों की समीक्षा की।

Posted on: 2026-09-01


hamabani image

केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने आज रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के साथ सक्रिय शासन और समयबद्ध कार्यान्वयन के लिए सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (आईसीटी) आधारित बहुआयामी मंच पीएम-प्रगति के तहत टीबी उन्मूलन प्रयासों की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान के लिए अंतर-मंत्रालयी समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया गया। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि समीक्षा में शीघ्र पहचान, रोकथाम, सामुदायिक जागरूकता, स्क्रीनिंग और सतत सामुदायिक लामबंदी के माध्यम से ठोस परिणामों और जमीनी स्तर पर प्रभाव पर बल दिया गया। इसमें यह भी कहा गया कि युवा मामले एवं खेल मंत्रालय 'एमवाई भारत' स्वयंसेवकों के माध्यम से और रक्षा मंत्रालय एनसीसी कैडेटों के माध्यम से जमीनी स्तर पर जागरूकता और पहुंच को मजबूत कर रहे हैं। इसके अलावा, शैक्षणिक संस्थानों और कार्यस्थलों को भी राष्ट्रीय प्रयास में शामिल किया जा रहा है, और ईएसआईसी कर्मचारियों के लिए टीबी स्क्रीनिंग और सहायता को मजबूत कर रहा है। मंत्रालय ने कहा कि सरकार और समाज के समग्र दृष्टिकोण से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप टीबी मुक्त भारत की दिशा में भारत के सामूहिक प्रयासों में और तेजी आएगी।