बीजापुर, 25 अगस्त । श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर यादव समाज के पदाधिकारियों ने आज मंगलवार काे जिले में मांस और मदिरा की दुकानें बंद रखने की मांग का ज्ञापन बीजापुर कलेक्टर को सौंपा है।
यादव समाज ने ज्ञापन में बताया कि, 4 सितंबर शुक्रवार को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व मनाया जाएगा। इस मौके पर जिले भर में पूजा-अर्चना, शोभायात्रा, भजन-कीर्तन समेत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे । समाज ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि, जन्माष्टमी के दिन धार्मिक भावनाओं और पर्व की पवित्रता को देखते हुए छत्तीसगढ़ के सभी जिलों में मांस और मदिरा की दुकानों को बंद रखने के निर्देश जारी किए जाएं।
यादव समाज का कहना है कि, इससे श्रद्धालुओं को शांतिपूर्ण और धार्मिक माहौल में भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाने का अवसर मिलेगा। ज्ञापन सौंपने के दौरान यादव समाज अध्यक्ष धनुजय यादव, राऊत अध्यक्ष सदाशिव अलसा सहित समाज के कई पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।