वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल आज से इस महीने की 27 तारीख तक चार दिवसीय जापान दौरे पर रहेंगे। वे टोक्यो, नागोया और ओसाका की यात्रा करेंगे और जापान में भारत के अब तक के सबसे बड़े व्यापार प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करेंगे। प्रतिनिधिमंडल में 200 से अधिक व्यावसायिक प्रतिनिधि शामिल हैं, जो विनिर्माण, सेमीकंडक्टर, स्वच्छ ऊर्जा और इस्पात से लेकर ऑटोमोटिव, वित्तीय सेवाएं, स्वास्थ्य सेवा और स्टार्टअप जैसे विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े हैं।
टोक्यो में, मंत्री भारत के विकास में लंबे समय से भागीदार रहे प्रमुख जापानी समूहों और औद्योगिक घरानों के शीर्ष नेतृत्व के साथ कई बैठकें करेंगे। इसके अलावा, वे 1,500 से अधिक अग्रणी जापानी कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाले सर्वोच्च निकाय, जापान व्यापारिक महासंघ- केइदानरेन के साथ एक गोलमेज सम्मेलन में भी भाग लेंगे। श्री गोयल अपने समकक्ष, अर्थव्यवस्था, व्यापार और उद्योग मंत्री अकाज़ावा रयोसेई के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे और जापान सरकार और संसद के वरिष्ठ सदस्यों से मुलाकात करेंगे, साथ ही जापान में भारतीय समुदाय के साथ भी बातचीत करेंगे।
नागोया में, मंत्री चुकेरेन और नागोया चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के साथ एक रोडशो का नेतृत्व करेंगे और आइची प्रान्त के नेतृत्व और ऑटोमोटिव और इस्पात क्षेत्रों के प्रमुख विनिर्माण निवेशकों के साथ बातचीत करेंगे।वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि यह दौरा दोनों देशों की विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के प्रति उनकी महत्वाकांक्षा को दर्शाता है और ऐसे समय में हो रहा है जब भारत और जापान व्यापार और निवेश संबंधों को और अधिक मजबूत करने की दिशा में प्रयासरत हैं।