जैविक उड़द खेती से सशक्त होंगी महिला किसान

Posted on: 2026-08-21


hamabani image

जिले में महिला किसानों को स्वावलंबी बनाने और उन्नत कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा महत्वपूर्ण पहल की गई है। जिला कलेक्टर श्री देवेश ध्रुव एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एम. भार्गव के मार्गदर्शन में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’, कृषि विभाग तथा प्रदान संस्था के तकनीकी सहयोग से बालूद एवं भोगाम संकुल की 250 महिला किसानों को जैविक उड़द उत्पादन से जोड़ा जा रहा है।
कार्यक्रम के तहत प्रत्येक महिला किसान को एक-एक एकड़ क्षेत्र में वैज्ञानिक एवं जैविक पद्धति से उड़द की खेती के लिए उन्नत किस्म के बीज एवं जैविक दवाइयां उपलब्ध कराई गई हैं। योजना का उद्देश्य विकासखंड दंतेवाड़ा के पांच प्रमुख गांवों को मॉडल जैविक गांव के रूप में विकसित करना है, ताकि अन्य ग्रामीण क्षेत्रों के किसान भी जैविक एवं उन्नत कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित हों। कृषि की लागत कम करने और उत्पादन बढ़ाने के लिए बिहान योजना की कृषि सखियों द्वारा किसानों को निरंतर तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है। किसानों को ट्राइकोडर्मा एवं राइजोबियम कल्चर से बीजोपचार, उचित दूरी पर कतारबद्ध बुवाई, मटका खाद, जीवामृत तथा प्राकृतिक कीट-व्याधि प्रबंधन जैसी जैविक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है। महिला किसानों को उनके उत्पाद का उचित मूल्य दिलाने के लिए बिहान की मां दंतेश्वरी किसान उत्पादक कंपनी (एफपीसी) के माध्यम से मार्केटिंग एवं बाजार संयोजन की व्यवस्था की गई है। इससे किसानों को बेहतर बाजार उपलब्ध होने के साथ उनकी आय में वृद्धि की संभावना है। सामग्री वितरण एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री सूरज पंसारी, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से जिला कार्यक्रम प्रबंधक-आजीविका श्री नितेश कुमार देवांगन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सामाजिक समावेशन श्री उमेश पाल, प्रदान संस्था से श्री जयदेव सहित महिला स्व-सहायता समूहों से जुड़ी बड़ी संख्या में महिला कृषक उपस्थित रहीं।