रायपुर, 21 अगस्त रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फोटो जर्नलिस्ट फेस्ट ‘दृश्य संवाद 2026’ के दूसरे दिन शुक्रवार को फोटो प्रदर्शनी देखने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज और पूर्व विधायक विकास उपाध्याय पहुंचे।इस दौरान उन्होंने प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
दोनों नेताओं ने फोटो जर्नलिस्ट साथियों के साथ संवाद करते हुए उनकी तस्वीरों को देखा और छायाकारों के प्रयास, रचनात्मकता तथा सामाजिक सरोकारों को कैमरे के माध्यम से सामने लाने के लिए उनकी खूब सराहना की। दीपक बैज ने बस्तर की मोहक तस्वीरों के लिए फोटोग्राफरों साथियों को अलग से टूर बना कर बस्तर पर केंद्रित फोटो खींचने का आग्रह किया
इस अवसर पर होटल सेलिब्रेशन के संचालक कवलजीत सिंह होरा ने भी फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन किया और फोटोग्राफरों की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने ‘प्रकृति एवं वन्यप्राणी’ श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले फोटोग्राफर को 1+1 यानी दो लोगों के लिए कान्हा में एक दिन के ठहरने और भोजन की निःशुल्क सुविधा प्रदान करने की घोषणा की।
फोटोग्राफरों के उत्साह को बढ़ाने वाली इस घोषणा के लिए रायपुर प्रेस क्लब ने कवलजीत सिंह होरा का आभार व्यक्त किया। आयोजन समिति ने कहा कि, इस तरह के प्रोत्साहन न केवल प्रतिभाशाली छायाकारों का उत्साह बढ़ाते हैं, बल्कि प्रकृति, वन्यजीवन और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को कैमरे के माध्यम से सामने लाने के लिए भी प्रेरित करते हैं।
प्रदर्शनी में रायपुर प्रेस क्लब के अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि, ‘दृश्य संवाद 2026’ फोटो प्रदर्शनी में स्कूली विद्यार्थी, नागरिक और फोटोग्राफी प्रेमी पहुंच रहे हैं। प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ के सामाजिक, सांस्कृतिक, प्राकृतिक और समसामयिक जीवन को कैमरे में कैद करती तस्वीरों को लगाया गया है। ‘दृश्य संवाद 2026’ फोटो प्रदर्शनी तीन दिनों तक आर्ट गैलरी में आम लोगों के लिए खुली रहेगी। आम दर्शक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात 9 बजे तक प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकते हैं।