Posted on:
सूरजपुर, 19 अगस्त। साइबर अपराधों से बचाव और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार को बढ़ावा देने के लिए छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा चलाए जा रहे “साइबर जागृति अभियान” के तहत सूरजपुर जिले में भी व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को जिले के अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने स्कूलों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पहुंचकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों को साइबर अपराधों से बचने के उपाय बताए।
पुलिस अधीक्षक सूरजपुर योगेश कुमार पटेल के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश कुमार देवांगन के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान 1000 से अधिक छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
अभियान के तहत लोगों को “मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं” संदेश के साथ साइबर जागरूकता की सेल्फी लेने और उसे अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करने के लिए प्रेरित किया गया। बड़ी संख्या में शिक्षकों और नागरिकों ने इसमें उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुलिस टीमों ने स्कूली बच्चों को भी साइबर जागृति अभियान की जानकारी दी। बच्चों को बताया गया कि वे अपने परिवार के सदस्यों और परिचितों को भी साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक करें और साइबर सुरक्षा से जुड़ी सेल्फी सोशल मीडिया पर साझा कर अभियान को आगे बढ़ाएं।
एक सेल्फी से कई लोगों तक पहुंचेगा संदेश
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया के माध्यम से साइबर जागरूकता का संदेश तेजी से लोगों तक पहुंच रहा है। जब कोई व्यक्ति साइबर सुरक्षा से जुड़ी सेल्फी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर साझा करता है तो उसके मित्र, परिचित और अन्य फॉलोअर्स भी इससे प्रेरित होते हैं। इस तरह एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक पहुंचने वाला यह अभियान साइबर अपराध के खिलाफ सामूहिक जागरूकता का माध्यम बन रहा है।
संदिग्ध लिंक और कॉल से रहें सावधान
जागरूकता कार्यक्रमों में पुलिस ने नागरिकों को ऑनलाइन बैंकिंग, इंटरनेट और सोशल मीडिया का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने की सलाह दी। लोगों से कहा गया कि वे किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। संदिग्ध लिंक, मैसेज और अनजान कॉल से भी सावधान रहने की अपील की गई।
ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने साइबर ठगी का शिकार होने की स्थिति में बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने के लिए प्रेरित किया। समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने और आगे की कार्रवाई में मदद मिल सकती है।
सूरजपुर पुलिस ने आम नागरिकों से साइबर जागृति अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी करने और साइबर सुरक्षा का संदेश अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों तक पहुंचाने की अपील की है।