भखारा मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित

Posted on: 2026-08-19


hamabani image

धमतरी, 19 अगस्त। सड़क सुरक्षा को मजबूत करने और आम नागरिकों की सुरक्षित व सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए धमतरी-भखारा मार्ग पर भारी वाहनों के आवागमन का समय निर्धारित किया गया है। नई व्यवस्था के तहत सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक इस मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। धमतरी से भखारा होकर रायपुर तथा रायपुर से भखारा-धमतरी होते हुए अन्य स्थानों की ओर जाने वाले भारी वाहनों को निर्धारित समय में भखारा मार्ग का उपयोग नहीं करना होगा। ऐसे वाहनों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) का उपयोग करना होगा।

प्रशासन का मानना है कि इससे भखारा मार्ग पर यातायात का दबाव कम होगा और स्थानीय नागरिकों तथा छोटे वाहनों के लिए आवागमन अधिक सुरक्षित व सुगम हो सकेगा। हाल ही में कलेक्टर अबिनाश मिश्रा की अध्यक्षता में हुई सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा को लेकर आवश्यक उपायों पर चर्चा की गई थी। बैठक में कलेक्टर ने जिला परिवहन अधिकारी को भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित करने तथा वाहन चालकों और आम नागरिकों को नई व्यवस्था की जानकारी देने के लिए प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के पालन में जिला परिवहन विभाग ने अर्जुन मोड़ (भखारा), खपरी उत्तर (बस्ती) और अटल चौक पर निर्धारित यातायात व्यवस्था से संबंधित साइन बोर्ड स्थापित कर दिए हैं। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। यातायात व्यवस्था में बदलाव का उद्देश्य आमजन की सुविधा के साथ सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना और प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित मार्ग और समय-सीमा का पालन करने की अपील की है। जिला प्रशासन ने नागरिकों और वाहन चालकों से यातायात संकेतकों एवं नियमों का पालन करने तथा निर्धारित समय में भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग करने की अपील की है।