आंध्र प्रदेश सरकार तटरेखा के विकास के लिए है प्रतिबद्ध: जनार्दन रेड्डी

Posted on: 2026-08-18


hamabani image

आंध्र प्रदेश के अवसंरचना मंत्री बी. सी. जनार्दन रेड्डी ने मंगलवार को कहा कि तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) के नेतृत्व वाली सरकार तटरेखा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी बंदरगाह तथा मछली पकड़ने के केंद्रों से जुड़ी परियोजनाएं जल्द पूरी करने का वादा किया।

उन्होंने विधानसभा में कहा कि सरकार श्रीकाकुलम जिले के बुडागटलापलेम में मछली पकड़ने के केंद्र का निर्माण काम तेज करेगी और मांचिनिल्लापेटा में मछली उतारने का केंद्र स्थापित करेगी।

रेड्डी ने कहा, “मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू के नेतृत्व में गठबंधन सरकार तटरेखा के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। हम बहुत जल्द राज्य में शुरू की गई सभी बंदरगाह और मछली पकड़ने के केंद्र संबंधी परियोजनाओं को पूरा करेंगे।” मंत्री ने कृष्णापटनम और रामय्यापट्नम बंदरगाहों पर मौजूद अवसंरचनात्मक और शीत भंडारण संबंधी समस्याओं को स्वीकार करते हुए उन्हें जल्द दूर करने का आश्वासन दिया।

उनके अनुसार, अदाणी कृष्णापटनम बंदरगाह के प्रबंधन ने नेलाटुरु मछली उतारने के केंद्र के लिए 25 करोड़ रुपये की कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व निधि उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है। उन्होंने कहा कि पहले से ही 15 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने मछुआरों को होने वाली परेशानियों से बचाने के लिए लंबित समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया।

रेड्डी ने बताया कि पश्चिम गोदावरी जिले में बिय्यापुटिप्पा गांव में मछली पकड़ने के केंद्र को मछली उतारने के केंद्र में बदला जाएगा। इसके अलावा भी कई अन्य पहल की जाएंगी।