वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, लकड़ी से भरा ट्रक पकड़ा, चालक फरार

Posted on: 2026-08-10


hamabani image

बलरामपुर, 10 अगस्त ।बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत रूपपुर के भोदर में आज साेमवार सुबह वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए लकड़ी से भरे एक ट्रक को पकड़ा है। वन विभाग की प्रारंभिक जांच में ट्रक में लदी लकड़ी कत्थे की बताई जा रही है, जो देखने में चंदन जैसी नजर आ रही है। हालांकि लकड़ी की वास्तविक प्रजाति की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

वन विभाग को क्षेत्र में अवैध रूप से लकड़ी के परिवहन की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर वन कर्मचारियों की टीम ने भोदर क्षेत्र में घेराबंदी की। इसी दौरान लकड़ी से लदा एक ट्रक वहां पहुंचा। वन विभाग की टीम को देखते ही चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।

वन कर्मचारियों ने ट्रक को अपने कब्जे में लेकर वाड्रफनगर स्थित वन विभाग कार्यालय पहुंचाया। इसके बाद ट्रक में लदी लकड़ी की नाप-जोख शुरू की गई। साथ ही लकड़ी के परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की भी जांच की जा रही है।

लकड़ी कहां से आई, इसकी जांच

वन विभाग अब यह पता लगाने में जुटा है कि ट्रक में लदी लकड़ी कहां से लाई गई थी और इसे किस स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसके अलावा लकड़ी के परिवहन के लिए संबंधित दस्तावेज वैध हैं या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।

वन विभाग लकड़ी की प्रजाति, मात्रा और परिवहन की वैधता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई करेगा। फिलहाल ट्रक वन विभाग के कब्जे में है, जबकि फरार चालक की जानकारी जुटाने के साथ मामले की जांच जारी है।