धमतरी की सड़क में बैठे 450 से अधिक मवेशियों के गले में बांधा गया रेडियम बेल्ट

Posted on: 2026-08-08


hamabani image

धमतरी, 08 अगस्त । शहर की सड़कों पर बैठे मवेशियों के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने और रात के समय वाहन चालकों को मवेशी दूर से दिखाई दें, इसके उद्देश्य से परिवर्तन दल ने अनूठी पहल की। दल के सदस्यों ने सुबह 10:20 बजे से रात 9 बजे तक शहर के विभिन्न मार्गों पर अभियान चलाकर 450 से अधिक मवेशियों के गले में रेडियम बेल्ट बांधे।

नगर निगम से शनिवार काे मिली जानकारी के अनुसार अर्जुनी से लेकर श्यामतराई तक तथा रत्नाबांधा से रुद्री चौक तक सड़क किनारे और सड़कों पर बैठे मवेशियों को चिन्हित कर उनके गले में रेडियम युक्त बेल्ट लगाए गए। शुक्रवार काे दिनभर चले इस अभियान में परिवर्तन दल के 30-40 सदस्य सक्रिय रूप से जुटे रहे। अभियान में कान्हा गोस्वामी, साकेत गवली, कृष्णा साहू, मयंक सोनबर, आकाश ठाकुर, चिराग गवली, सुरेश साहू, रामकृष्ण साहू सहित दल के अन्य सदस्य शामिल हुए।

परिवर्तन दल के सदस्यों ने बताया कि शहर की सड़कों पर बड़ी संख्या में मवेशी बैठे रहते हैं। विशेषकर रात के समय कम रोशनी के कारण वाहन चालकों को सड़क पर बैठे मवेशी दिखाई नहीं देते, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। कई बार तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से मवेशी भी घायल हो जाते हैं। ऐसी स्थिति में वाहन चालकों और मवेशियों दोनों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रेडियम बेल्ट लगाने का निर्णय लिया गया। सदस्यों ने कहा कि यह पहल स्थायी समाधान नहीं है, बल्कि तत्काल सुरक्षा के उद्देश्य से उठाया गया कदम है। नगर निगम को प्राथमिकता के साथ सड़क पर घूमने और बैठे रहने वाले मवेशियों की धरपकड़ कर उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि शहर में मवेशियों के कारण लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। यदि जिम्मेदार विभाग नियमित रूप से मवेशियों की धरपकड़ और उनके सुरक्षित प्रबंधन की कार्रवाई करे तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। परिवर्तन दल की इस पहल को शहर की यातायात सुरक्षा से जोड़कर देखा जा रहा है।