अहमदाबाद, 06 अगस्त । भारत की नंबर एक और विश्व रैंकिंग में 27वें स्थान पर काबिज पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी नूरजहां नूरअली जमानी अब फिनलैंड में होने वाले आईटीटीएफ वर्ल्ड पैरा फ्यूचर लाहती 2026 में अपनी चुनौती पेश करेंगी। यह प्रतियोगिता 28 से 30 अगस्त तक पजुलाहटी ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर में होगी।
नूरजहां इस टूर्नामेंट में कजाखस्तान के आईटीटीएफ वर्ल्ड पैरा फ्यूचर अक्तोबे में शानदार प्रदर्शन के बाद उतरेंगी, जहां उन्होंने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था। वह अंतिम चार में जगह बनाने से केवल दो अंकों से चूक गई थीं। इस प्रदर्शन ने उनकी लगातार बेहतर होती फॉर्म को साबित किया है।
नूरजहां ने एक बयान में कहा, "कजाखस्तान में क्वार्टर फाइनल तक पहुंचना और सेमीफाइनल से इतने करीब रह जाना मेरे आत्मविश्वास को काफी बढ़ाने वाला रहा। अब मैं फिनलैंड में उससे भी बेहतर प्रदर्शन करना चाहती हूं। मेरा लक्ष्य खिताब जीतना है। अडानी स्पोर्ट्सलाइन का सहयोग मुझे लगातार विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में मदद कर रहा है और इसके लिए मैं बेहद आभारी हूं।"
अपनी श्रेणी में एशिया में आठवीं रैंकिंग पर मौजूद नूरजहां का लक्ष्य शीर्ष छह खिलाड़ियों में जगह बनाकर इस वर्ष जापान में होने वाले 2026 एशियाई पैरा खेलों के लिए क्वालीफाई करना है। ऐसे में लाहती टूर्नामेंट उनके लिए रैंकिंग के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण होगा।
पांच वर्ष की उम्र में पोलियो से प्रभावित होने वाली नूरजहां ने 2022 में प्रतिस्पर्धी टेबल टेनिस में वापसी की और इसके बाद लगातार सफलता हासिल की। उन्होंने इंदौर में आयोजित यूटीटी पैरा सीनियर राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2025-26 में अपना खिताब सफलतापूर्वक बरकरार रखा। इससे पहले वह यूटीटी राष्ट्रीय पैरा टेबल टेनिस चैंपियनशिप भी जीत चुकी हैं। इन उपलब्धियों के दम पर वह अपनी श्रेणी में भारत की नंबर एक खिलाड़ी बनीं।
अहमदाबाद निवासी नूरजहां अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (एएएचएल) में जूनियर अधिकारी के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें अडानी स्पोर्ट्सलाइन की 'गर्व है' पहल के तहत टूर्नामेंट योजना, कोचिंग, प्रदर्शन विश्लेषण और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भागीदारी के लिए व्यापक सहयोग मिल रहा है।
अब नूरजहां की नजर फिनलैंड में शानदार प्रदर्शन कर एशियाई रैंकिंग में अपनी स्थिति मजबूत करने और जापान में होने वाले 2026 एशियाई पैरा खेलों के लिए क्वालीफिकेशन की दिशा में अहम कदम बढ़ाने पर है।